धनबाद: बिनोद बिहारी महतो कोयलांचल विश्वविद्यालय (BBMKU) में सोमवार को छात्र संगठन ऑल इंडिया स्टूडेंट एसोसिएशन (AISA) ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर प्रशासनिक भवन के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने भवन में प्रतीकात्मक तालाबंदी कर विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की, जिससे कुछ समय के लिए प्रशासनिक कामकाज प्रभावित रहा।
प्रदर्शन के कारण कुलपति प्रो. राम कुमार सिंह सहित कई अधिकारी प्रशासनिक भवन में प्रवेश नहीं कर सके और उन्हें बाहर ही रुकना पड़ा। छात्र संगठन ने आरोप लगाया कि लंबे समय से छात्र हित से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं की गई है।
इस बीच कुलपति प्रो. राम कुमार सिंह ने कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन कई मांगों पर पहले से कार्य कर रहा है। उनके अनुसार, एलएलएम पाठ्यक्रम शुरू करने, कॉमरेड ए.के. राय के नाम पर पुस्तकालय स्थापित करने और अन्य विकास कार्यों से जुड़े प्रस्तावों पर प्रक्रिया जारी है तथा छात्रों के हित में आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
AISA के प्रदेश सचिव रितेश मिश्रा ने कहा कि संगठन की प्रमुख मांगों में विश्वविद्यालय में एलएलएम की पढ़ाई शुरू करना, उपलब्ध वित्तीय संसाधनों का उपयोग कर आधुनिक प्रयोगशालाओं और आधारभूत सुविधाओं का विकास करना तथा एक केंद्रीय पुस्तकालय की स्थापना शामिल है।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कुलपति के कार्यकाल के दौरान कई अहम छात्र हितैषी परियोजनाएं अब तक पूरी नहीं हो सकी हैं। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर जल्द ठोस निर्णय नहीं लिया गया, तो आंदोलन को आगे भी जारी रखा जाएगा।
