नैनीताल/बरेली। बरेली से नैनीताल घूमने जा रहे चार दोस्तों की कार शनिवार देर रात नैना गांव के पास अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। हादसे में बरेली निवासी वसी हैदर की मौत हो गई, जबकि तीन साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक इलाज के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है।
शनिवार रात करीब 12 बजे बरेली के पर्यटक नैनीताल भ्रमण के लिए आ रहे थे। नैनागांव के पास उनकी कार अनियंत्रित होकर करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। सूचना पर तल्लीताल थानाध्यक्ष एसओ रमेश बोरा के नेतृत्व में पुलिस, एसडीआरएफ व दमकल टीम मौके पर पहुंची। करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद घायलों को रेस्क्यू कर खाई से बाहर निकाला गया।
ज्योलीकोट चौकी इंचार्ज अविनाश मौर्य ने बताया कि हादसे में बरेली निवासी युवराज, पारस रस्तोगी, आलोक सक्सेना व वसी हैदर उर्फ मौजू घायल हुए थे, जिनको 108 एंबुलेंस से बीडी पांडे अस्पताल भेजा गया है। जहां डॉक्टरों ने मौजू (26) को मृत घोषित कर दिया। पीएमएस डॉ. टीके टम्टा ने बताया गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को प्राथमिक इलाज के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है। संवाद
—–
इकलौता बेटा था मौजू, रात में किया शव दफन
बरेली। कोतवाली क्षेत्र के खनू मोहल्ला निवासी वसी हैदर उर्फ मौजू बरेली कॉलेज में एमबीए का छात्र था। पिता कमाल हैदर को परिवार के लोग व रिश्तेदार दिलासा दे रहे थे। परिजनों ने बताया कि मौजू की छोटी बहन दिल्ली में पढ़ाई कर रही है। उसके मामा की सोमवार को लखनऊ में शादी थी। उसमें शामिल होने मौजू की मां लखनऊ गई थीं। वहां सोमवार सुबह तक मौजू को भी पहुंचना था। इससे पहले दोस्तों के साथ नैनीताल जाने का प्लान बन गया। मौजू के पिता को रात में ही पुलिस ने सूचना दे दी। रविवार रात शव बरेली घर पर लाया गया। यहां नजदीकी कब्रिस्तान में उसे दफना दिया गया



