टेक कंपनी एप्पल ने भारत और ग्लोबल मार्केट में अपना नया और सबसे सस्ता लैपटॉप लॉन्च किया है. इस लैपटॉप का नाम Macbook Neo है. कंपनी का कहना है कि यह लैपटॉप खासतौर पर छात्रों, नए मैक यूज़र्स, छोटे बिजनेस और फैमिली यूज़ के लिए बनाया गया है. एप्पल का यह सबसे सस्ता मैकबुक स्टाइलिश डिज़ाइन, हल्के वजन, और पावरफुल परफॉर्मेंस के साथ आता है.
MacBook Neo: स्पेसिफिकेशन्स और फीचर्स
नियो को कंपनी ने चार आकर्षक रंगों में लॉन्च किया है, जिनमें Silver, Blush, Citrus और Indigo शामिल हैं. इसकी प्री-ऑर्डर बुकिंग शुरू हो चुकी है और यह 11 मार्च 2026 से ग्राहकों तक पहुंचना शुरू हो जाएगा. इसके डिजाइन की बात करें यह लैपटॉप काफी स्लिम और हल्का है. इसकी मोटाई 12.7mm है और वज़न सिर्फ 1.23 किलोग्राम होगा. इसमें 13 इंच का लिक्विड रेटिना डिस्प्ले दिया गया है, जिसका रेजॉल्यूशन 2408×1506 पिक्सल है. इसके स्क्रीन की पीक ब्राइटनेस 500 निट्स है और यह 1 बिलियन कलर सपोर्ट करता है, जिससे वीडियो और फोटो काफी शार्प और क्लियर दिखाई देते हैं.
परफॉर्मेंस के लिए इसमें छह-कोर वाला A18 Pro चिपसेट दिया गया है. दिलचस्प बात यह है कि iPhone 16 Pro में पहले इसी चिप का इस्तेमाल किया गया था. एप्पल ने पहली बार एक आईफोन का चिप किसी मैकबुक में लगाया है. इसके साथ 5-कोर GPU और 16-कोर न्यूरल इंजन भी मिलता है. कंपनी का दावा है कि डेली-लाइफ के कामों में यह कई विंडोज़ लैपटॉप्स से 50% तक तेज है. वहीं, एआई से जुड़े कामों में यह तीन गुना तक तेज परफॉर्मेंस दे सकता है.
MacBook Neo में 1080p FaceTime HD कैमरा दिया गया है, जिससे वीडियो कॉलिंग बेहतर होती है. इसके अलावा इसमें Magic Keyboard, Touch ID फिंगरप्रिंट सेंसर और मल्टी-टच ट्रैकपैड भी मिलता है. बैटरी की बात करें तो इसमें 36.5Wh की बैटरी दी गई है जो 20W चार्जिंग सपोर्ट करती है. कंपनी का दावा है कि यह लैपटॉप एक बार चार्ज करने पर लगभग 16 घंटे तक चल सकता है. कनेक्टिविटी के लिए इसमें Wi-Fi 6E और Bluetooth 6 सपोर्ट मिलता है. यह लैपटॉप बॉक्स से ही नए macOS Tahoe ऑपरेटिंग सिस्टम के साथ आता है.
MacBook Neo: कीमत
मैकबुक नियो की शुरुआती कीमत भारत में 69,900 रुपये रखी गई है. यह दो स्टोरेज ऑप्शन में आता है. 8GB RAM और 256GB स्टोरेज वाला मॉडल 69,900 रुपये में मिलेगा, जबकि 8GB RAM और 512GB स्टोरेज वेरिएंट की कीमत 79,900 रुपये है. कंपनी ने छात्रों के लिए भी खास ऑफर दिया है. एप्पल एजुकेशन स्टोर के जरिए स्टूडेंट्स को 10,000 रुपये तक की छूट मिलेगी, जिससे 256GB मॉडल 59,900 रुपये और 512GB मॉडल 69,900 रुपये में खरीदा जा सकता है.


