एप्पल भारत में अपनी रिटेल प्रज़ेंश को लगातार बढ़ा रहा है. कंपनी ने घोषणा की है कि मुंबई में उसका दूसरा ऑफलाइन स्टोर 26 फरवरी को खुलेगा. इस नए स्टोर का नाम Apple Borivali होगा और यह बोरीवली के स्काई सिटी मॉल में स्थित रहेगा, जो वेस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे के पास है. यह स्टोर दोपहर 1 बजे से ग्राहकों के लिए खुल जाएगा.
मुंबई में इससे पहले कंपनी ने Apple BKC की शुरुआत की थी, जो जियो वर्ल्ड ड्राइव मॉल में खुला था. अब बोरीवली में नया स्टोर खुलने के साथ ही शहर में एप्पल के दो बड़े रिटेल आउटलेट हो जाएंगे. यह भारत में कंपनी का छठा फिजिकल स्टोर होगा.
नए एप्पल स्टोर के फायदे
- नए स्टोर में ग्राहक सीधे जाकर आईफोन, आईपैड, मैक और दूसरे प्रोडक्ट्स खरीद सकेंगे.
- यहां इन-स्टोर पिकअप की सुविधा भी मिलेगी.
- यहां जीनियस बार के जरिए टेक्निकल सपोर्ट दिया जाएगा.
- स्टोर में Today at Apple सेशन भी आयोजित किए जाएंगे, जहां लोग एप्पल डिवाइसेज और उनके फीचर्स के बारे में सीख सकेंगे.
- बिजनेस ग्राहकों के लिए स्पेशल शॉपिंग असिस्टेंस भी उपलब्ध रहेगी.
मुंबई के अलावा कंपनी के भारत में अन्य स्टोर्स में Apple Saket (दिल्ली में), Apple Hebbal (बेंगलुरु में), Apple Noida (नोएडा में) और Apple Koregaon Park (पुणे में) शामिल हैं. एप्पल ने हाल ही में नोएडा स्टोर की शुरुआत की थी. कंपनी के सीईओ Tim Cook पहले ही संकेत दे चुके हैं कि भारत में और भी स्टोर खोले जाएंगे. रिपोर्ट्स के मुताबिक हैदराबाद में भी एप्पल अपना पहला स्टोर खोलने की तैयारी में है.
इसके लिए कई सीनियर पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू हो चुकी है. सिर्फ रिटेल ही नहीं, कंपनी चेन्नई में एक बड़ा कॉर्पोरेट ऑफिस खोलने की भी योजना बना रही है. ऐसा बताया जा रहा है कि यह नया ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर कंपनी के अंतरराष्ट्रीय ऑपरेशंस को संभालेगा. साफ है कि एप्पल भारत को बड़े बाजार के रूप में देख रहा है और यहां अपने निवेश को तेजी से बढ़ा रहा है.


