Wednesday, March 11, 2026

Anthropic ने Claude Code में नया AI Code Review लॉन्च किया जो कई एजेंट्स की मदद से PR में छिपे बग्स खोजता है.

Share

हैदराबाद: सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट की दुनिया काफी तेजी से बदल रही है. खासतौर पर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी एआई टेक्नोलॉजी का दौर शुरू होने के बाद से सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट की दुनिया में काफी बड़ा बदलाव आया है और लगातार आता जा रहा है. अब सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट में एआई की बड़ी भूमिका होती है. इसी दिशा में अमेरिका की एआई कंपनी ने अपने कोडिंग टूल Claude Code में एक नया फीचर पेश किया है, जिसका नाम Code Review है.

कंपनी ने इसे फिलहाल रिसर्च प्रीव्यू के रूप में लॉन्च किया है. यह फीचर खास और उन डेवलपर्स के लिए बनाया गया है, जो GitHub पर काम करते समय Pull Request यानी PR की गहराई से जांच करना चाहते हैं.

कंपनी के आधिकारिक ब्लॉग के अनुसार, यह नया सिस्टम एक ही एआई पर निर्भर नहीं करता, बल्कि एजेंट्स की एक टीम के जरिए कोड का विश्लेषण करता है. इसका मकसद सिर्फ तेजी से रिव्यू करना नहीं, बल्कि कोड में छिपी गंभीर गलतियों को पकड़ना है.

कोड रिव्यू क्यों बन गया है बड़ी चुनौती

Anthropic के अनुसार पिछले एक साल में कंपनी के इंजीनियर्स द्वारा लिखे जाने वाले कोड की मात्रा लगभग 200% बढ़ गई है. ऐसे में कोड रिव्यू डेवलपमेंट प्रक्रिया में एक बड़ी बाधा बन गया है. कई बार डेवलपर्स के पास समय कम होता है, इसलिए PR की गहराई से जांच नहीं हो पाती. कंपनी का कहना है कि इसी समस्या को हल करने के लिए Code Review सिस्टम तैयार किया गया. यह हर PR पर भरोसेमंद तरीके से गहराई से जांच करता है और ऐसी समस्याएं भी पकड़ लेता है जिन्हें इंसानी रिव्यूअर कई बार मिस कर देते हैं.

Code Review सिस्टम: कैसे काम करता है?

जब भी GitHub पर कोई नया PR बनाया जाता है, Code Review अपने आप एक्टिव हो जाता है. इसके बाद कई AI एजेंट्स एक साथ काम शुरू करते हैं. सबसे पहले ये एजेंट्स अलग-अलग हिस्सों में संभावित बग्स तलाशते हैं. फिर दूसरे एजेंट्स इन बग्स की जांच करते हैं ताकि गलत अलर्ट यानी फॉल्स पॉज़िटीव्स को हटाया जा सके. इसके बाद सभी समस्याओं को उनकी गंभीरता के आधार पर रैंक किया जाता है. अंत में PR पर एक हाई-सिग्नल ओवरव्यू कमेंट पोस्ट होता है, जिसमें पूरे रिव्यू की समरी होती है. इसके अलावा जहां-जहां कोड में समस्या मिलती है वहां इनलाइन कमेंट भी दिखाई देते हैं.

Code Review हर PR को एक जैसा ट्रीट नहीं करता. अगर बदलाव बड़ा और कठिन है तो और ज्यादा एजेंट्स लगाए जाते हैं और रिव्यू भी ज्यादा गहराई से होती है. वहीं, छोटे बदलावों पर हल्का रिव्यू किया जाता है. कंपनी ट्रेनिंग के अनुसार औसतन एक PR रिव्यू पूरा होने में लगभग 20 मिनट का समय लगता है.

कंपनी के अंदर मिले दिलचस्प नतीजे

Anthropic कई महीनों से इस सिस्टम का इंटरनल यूज़ कर रही है. इसके नतीजे काफी दिलचस्प रहे हैं. पहले कंपनी में केवल 16% PR पर ही सीरियस रिव्यू कमेंट्स आते थे, लेकिन कोड रिव्यू लागू होने के बाद यह आंकड़ा 54% तक पहुंच गया. बड़े PR यानी जिनमें 1000 से ज्यादा लाइनों में बदलाव होता है, उनमें 84% मामलों में समस्याएं मिलीं, और औसतन 7.5 मुद्दे सामने आए. वहीं 50 लाइन्स से कम बदलाव वाले छोटे PR में यह संख्या लगभग 31% रही. कंपनी का दावा है कि डेवलपर्स को इस सिस्टम की पहचान काफी भरोसेमंद लगी है. रिपोर्ट किए गए मुद्दों में से 1% से भी कम गलत पाए गए.

कंपनी ने एक उदाहरण भी शेयर किया है. एक PR में सिर्फ एक लाइन का बदलाव किया गया था और देखने में वो बिल्कुल सामान्य लग रहा था. आमतौर पर ऐसा बदलाव जल्दी अप्रूव हो जाता, लेकिन कोड रिव्यू ने इसे गंभीर समस्या के रूप में पहचाना. जांच में पता चला कि यह बदलाव प्रोडक्शन सर्विस के ऑथेंटिकेशन सिस्टम को पूरी तरह तोड़ सकता था. इस चेतावनी के कारण समय रहते इसे ठीक कर लिया गया.

शुरुआती यूजर्स को भी मिला फायदा

शुरुआती ग्राहकों ने भी ऐसे ही एक्सपीरियंस शेयर किए हैं. उदाहरण के तौर पर ओपन सोर्स प्लेटफॉर्म TrueNAS के एक ZFS एन्क्रिप्शन रिफैक्टर में कोड रिव्यू ने पास के कोड में छिपा एक पुराना बग खोज निकाला. यह टाइप मिसमैच से जुड़ी समस्या थी, जो हर सिंक के समय एन्क्रिप्शन की कैश को साफ कर रही थी.

इस सिस्टम को गहराई से रिव्यू करने के लिए बनाया गया है, इसलिए इसकी लागत हल्के टूल्स से ज्यादा है. कोड रिव्यू की कीमत टोकन उपयोग के आधार पर तय होती है और आम तौर पर एक PR की रिव्यू पर लगभग 15 से 25 डॉलर खर्च आता है. कंपनियां अपने खर्च को नियंत्रित करने के लिए कई विकल्प इस्तेमाल कर सकती हैं. इनमें मासिक खर्च सीमा तय करना, सिर्फ चुने हुए रिपॉजिटरी पर रिव्यू चालू करना और एनालिटिक्स डैशबोर्ड के जरिए लागत और उपयोग को ट्रैक करना शामिल है.

फिलहाल किन यूजर्स के लिए उपलब्ध

कोड रिव्यू को अभी Team और Enterprise प्लान के लिए रिसर्च प्रीव्यू के रूप में उपलब्ध कराया गया है. एडमिन्स को पहले Claude Code सेटिंग्स में इस फीचर को सक्षम करना होगा, GitHub App इंस्टॉल करना होगा और जिन रिपॉजिटरी पर रिव्यू चलाना है उन्हें चुनना होगा. एक बार यह सेटअप पूरा हो जाने के बाद नए PR पर रिव्यू अपने आप शुरू हो जाती है और डेवलपर्स को किसी एक्सट्रा कॉन्फिगरेशन की जरूरत नहीं पड़ती

Read more

Local News