Car Accident News : दो सब इंस्पेक्टर को लोगों ने बंधक बना लिया। आक्रोशित लोगों ने दारोगा के कार को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। काफी हंगामा के बाद मामला शांत हुआ।
गोपालगंज में पुलिस की कार की चपेट में आने से छह वर्षीय बच्चे की दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना में एक बाइक सवार भी घायल हो गया। घटना के बाद उग्र लोगों ने कार सवार दो सब इंस्पेक्टर को बंधक बना लिया। मौके पर पहुंचे हथुआ एसडीओ, एसडीपीओ और कई थाना की पुलिस ने उग्र लोगों को समझा-बुझाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल गोपालगंज भेज दिया। घटना कटेया थाना क्षेत्र के गहनी चकियां गांव की है। मृतक बच्चे की पहचान गहनी चकिया गांव निवासी मंटू गुप्ता के पुत्र दीपक कुमार (6) के रूप में की गई है
तबादला होने पर योगदान देने जा रहे थे दो सब इंस्पेक्टरघटना के संबंध में लोगों ने बताया कि भोरे थाना के अपर थानाध्यक्ष मनीष कुमार का तबादला कुचायकोट थाना में हो गया था। तबादले के बाद वह अपनी कार में सवार होकर जगतौली ओपी प्रभारी नवीन कुमार के साथ कुचायकोट थाना में योगदान करने जा रहे थे। इसी बीच जैसे ही उनकी कार गोपालगंज जिले के पंचदेवरी प्रखंड के गहनी चकिया गांव के समीप पहुंची, तभी अचानक कार अनियंत्रित हो गई। कार अनियंत्रित होते ही बाइक में जोरदार टक्कर मारते हुए पोल से टकरा गई। इस दौरान पोल के पास खड़ा दीपक कुमार पोल और कार के बीच दब गया, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
दोनों सब इंस्पेक्टर को बनाया बंधक इस घटना में बाइक सवार विनोद दुबे भी गंभीर रूप से जख्मी हो गए। हादसे के बाद उग्र लोगों ने कार को क्षतिग्रस्त कर दिया और फिर दोनों सब इंस्पेक्टर को बंधक बना लिया। बंधक बने दोनों सब इंस्पेक्टर को लोगों ने घेरकर विरोध प्रदर्शन करना शुरू कर दिया। मौके पर पहुंचे कटेया थानाध्यक्ष किशोरी चौधरी ने उग्र लोगों को समझाने का प्रयास किया। इस बीच उग्र लोग मानने को तैयार नहीं थे। हथुआ एसडीओ अभिषक कुमार चंदन और एसडीपीओ आनंद मोहन गुप्ता मौके पर पहुंच कर मामले की जांच करने के साथ ही पीड़ित परिवार को मुआवजा दिलाने का भरोसा दिया। करीब तीन घंटे तक बंधक बने दोनों आरोपित को मुक्त कराने के साथ ही पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल गोपालगंज भेज दिया। घटना के बाद पुलिस मामले की जांच कर कार्रवाई करने में जुट गई है।



