Prayag Raj : प्रयाग राज जाने वालों का तांता अब भी लगा हुआ है। लेकिन साथ ही आने-जाने के दौरान हादसे भी खूब हो रहे हैं। आज फिर बिहार के एक ही परिवार के तीन लोगों की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई।

कुंभ स्नान कर लौट रहे एक ही परिवार के तीन लोगों की सड़क हादसे में मौत हो गई। घटना उत्तरप्रदेश के मिर्जापुर के पास की है। मृतकों की पहचान गया जिले के नीमचक बथानी थाना क्षेत्र अंतर्गत पथरौरा गांव निवासी इंद्रजीत सिंह (64), पुत्र राजीव कुमार और कृष्णा सिंह की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि इंद्रजीत सिंह की पत्नी निर्मला देवी, कृष्णा सिंह की पत्नी श्याम देवी और पोता शिवांशु कुमार (6) गंभीर रूप से घायल हैं।
घटना के बाद परिवार में मातम का माहौल है। घटना के संबंध में ग्रामीणों ने बताया कि थरौरा गांव निवासी इंद्रजीत सिंह, उनकी पत्नी निर्मला देवी, पुत्र राजीव कुमार, 6 वर्ष का पोता शिवांशु कुमार, कृष्णा सिंह और उनकी पत्नी श्याम देवी सभी बलेनो कार से रविवार की शाम को प्रयागराज कुंभ स्नान करने के लिए गए थे। कुंभ स्नान करने के बाद विंध्याचल दर्शन करने के लिए सोमवार की शाम को निकले थे। इसी दौरान मिर्जापुर के पास स्कॉर्पियो की टक्कर में इंद्रजीत सिंह, उनका पुत्र राजीव कुमार और कृष्णा सिंह की मौके पर मौत हो गई है। दोनों महिला समेत 6 वर्षीय दिव्यांशु जख्मी हैं। उनका इलाज बनारस में कराया जा रहा है।
घटना में हुई मौत की सूचना मिलते ही पूरे गांव में कोहराम मच गया। पथरौरा गांव निवासी उमेश सिंह मनोज सिंह सहित कई ग्रामीणों ने बताया कि गांव के 5 लोग मिर्जापुर पहुंच गए हैं और शव को पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम के बाद शव को लेकर गांव के लिए रवाना हो जाएंगे। यहां बता दें कि मृतक इंद्रजीत सिंह की उम्र लगभग 64 वर्ष थी। वह धुसरी पंचायत के पूर्व सरपंच भी रह चुके थे। वर्तमान में वह पंच थे।


