लातेहार जिले में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) की 11वीं बटालियन मुख्यालय में 88वां स्थापना दिवस उत्साह और गरिमापूर्ण माहौल में मनाया गया। कार्यक्रम के दौरान शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ समारोह का समापन हुआ।
स्थापना दिवस के अवसर पर बटालियन मुख्यालय स्थित शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर देश की सेवा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले जवानों को सम्मानपूर्वक याद किया गया। इस दौरान बटालियन के कमांडेंट रवि कुमार सहित कई अधिकारी और जवान उपस्थित रहे।
समारोह को संबोधित करते हुए कमांडेंट ने सीआरपीएफ के इतिहास और भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि इस बल की स्थापना प्रारंभिक दौर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से की गई थी। स्वतंत्रता के बाद वर्ष 1949 में इसे केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के रूप में नया स्वरूप मिला और तब से यह देश की आंतरिक सुरक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान में सीआरपीएफ देश के सबसे बड़े अर्धसैनिक बलों में शामिल है और विभिन्न राज्यों में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, उग्रवाद प्रभावित क्षेत्रों में अभियान चलाने तथा अन्य सुरक्षा दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन कर रहा है। आवश्यकता पड़ने पर बल ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी सेवाएं दी हैं।
कमांडेंट ने सभी अधिकारियों, जवानों और उनके परिवारों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए बल की गौरवशाली परंपराओं को आगे भी बनाए रखने का आह्वान किया।
इस अवसर पर वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. अमूल्या कुजुर, द्वितीय कमान अधिकारी रतींद्र मिश्र, पितवास पंडा, शोभनाथ, राजीव रंजन प्रताप सहित कई अधिकारी और जवान समारोह में मौजूद रहे।
