Bokaro:
बोकारो में होमगार्ड भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की मांग को लेकर छात्रों और युवाओं का विरोध प्रदर्शन तेज हो गया है। मंगलवार को बड़ी संख्या में अभ्यर्थी जिला समाहरणालय पहुंचे और उपायुक्त कार्यालय के मुख्य प्रवेश द्वार के सामने धरना देकर अपनी मांगों के समर्थन में प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के दौरान युवाओं ने जल्द से जल्द होमगार्ड और चौकीदार पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की मांग उठाई। उनका कहना था कि लंबे समय से रिक्त पदों पर नियुक्ति नहीं होने के कारण हजारों अभ्यर्थियों को अवसर नहीं मिल पा रहा है।
आंदोलन में डुमरी विधायक जयराम महतो भी शामिल हुए। उन्होंने प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि जहां रिक्त पद उपलब्ध हैं, वहां पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से भर्ती प्रक्रिया शुरू की जानी चाहिए। उन्होंने यह भी भरोसा दिलाया कि इस मुद्दे को विधानसभा में उठाकर सरकार का ध्यान आकर्षित करेंगे।
छात्र नेता युगदेव महथा ने आरोप लगाया कि होमगार्ड और चौकीदार भर्ती को लेकर कई बार जिला प्रशासन और जनप्रतिनिधियों को ज्ञापन सौंपा गया, लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही मिला है। उन्होंने कहा कि जब तक भर्ती प्रक्रिया को लेकर स्पष्ट निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मांगें नहीं मानी गईं तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
