Saturday, July 18, 2026

टाटा स्टील में वरिष्ठ स्तर पर प्रशासनिक फेरबदल, कई अधिकारियों को मिली नई जिम्मेदारियां.

Share

जमशेदपुर: टाटा स्टील ने संगठनात्मक ढांचे को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से वरिष्ठ अधिकारियों के स्तर पर व्यापक प्रशासनिक बदलाव किए हैं। कंपनी ने विभिन्न विभागों, परियोजनाओं और सहयोगी इकाइयों में कई अधिकारियों की नई नियुक्तियों और स्थानांतरण की घोषणा की है। अधिकांश बदलाव 1 अगस्त, 1 सितंबर और 1 दिसंबर 2026 से चरणबद्ध तरीके से लागू होंगे।

नई नियुक्तियों के तहत कविता महतो को ब्रांड कस्टोडियन एवं चीफ स्ट्रैटेजिक कम्युनिकेशन की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वह कंपनी की ब्रांड रणनीति, कॉरपोरेट संचार और ब्रांड पहचान को मजबूत करने का कार्य संभालेंगी।

वर्तमान में टिनप्लेट डिवीजन में मार्केटिंग एवं सेल्स प्रमुख के रूप में कार्यरत अमित अग्रवाल को चीफ इलेक्ट्रिकल स्टील प्रोजेक्ट–ऑपरेशन डाउनस्ट्रीम नियुक्त किया गया है। उनकी नई जिम्मेदारी 1 दिसंबर 2026 से प्रभावी होगी। वहीं राहुल लाल को चीफ प्रोक्योरमेंट–बल्क कमोडिटीज एंड इंडस्ट्रियल गैसेस (डिज़िग्नेटेड) बनाया गया है और वह 1 अगस्त 2026 से नया पदभार ग्रहण करेंगे।

कंपनी ने अपने एक प्रमुख पद का नाम भी संशोधित किया है। पहले जिसे चीफ प्रोक्योरमेंट, सप्लायर मैनेजमेंट एंड प्रोसेस इम्प्रूवमेंट कहा जाता था, अब उसका नाम चीफ सप्लायर मैनेजमेंट एंड प्रोक्योरमेंट एक्सीलेंस होगा। इस पद की जिम्मेदारी अमृता गुप्ता जुठानी को दी गई है, जो फिलहाल सीएसएम ब्रांडेड प्रोडक्ट्स (फ्लैट प्रोडक्ट्स) से जुड़ी हुई हैं।

अन्य प्रशासनिक बदलावों में एन.पी. वेंकटेशन को तीन वर्ष के कार्यकाल के लिए एसआईडब्ल्यू थाईलैंड भेजा गया है, जहां वे कंपनी के व्यावसायिक संचालन का नेतृत्व करेंगे। सुमन कुमार मंडयाल को चीफ प्रोजेक्ट एंड कंस्ट्रक्शन–मेरामंडली की जिम्मेदारी दी गई है।

इसके अलावा संजय अग्रवाला को मेटालिक्स डिवीजन का चीफ मार्केटिंग एंड सेल्स नियुक्त किया गया है। वह 1 अगस्त 2026 से नई भूमिका में कार्यभार संभालेंगे। वहीं सिद्धार्थ मिश्रा को जेसीएपीसीपीएल में महाप्रबंधक (मार्केटिंग, सेल्स एवं सप्लाई चेन) बनाया गया है और उनकी नियुक्ति 1 सितंबर 2026 से प्रभावी होगी। सत्यजीत मैती को चीफ मार्केटिंग एंड सेल्स–आईबीएमडी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

कंपनी की ओर से जारी आधिकारिक आदेशों पर प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी टी. वी. नरेंद्रन के हस्ताक्षर हैं। टाटा स्टील के अनुसार, इन नियुक्तियों और स्थानांतरणों का उद्देश्य संगठन की विभिन्न व्यावसायिक इकाइयों, परियोजनाओं, खरीद प्रणाली, विपणन और ब्रांड प्रबंधन को अधिक सक्षम, समन्वित और प्रभावी बनाना है।

Read more

Local News