Friday, July 17, 2026

15 अगस्त तक विशेष भूमि सर्वेक्षण पूरा करने का निर्देश, अधिकारियों को समयबद्ध कार्य करने के आदेश.

Share

पटना: बिहार के राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग ने राज्य में चल रहे विशेष सर्वेक्षण एवं बंदोबस्त कार्यक्रम की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्य पूरा करने के निर्देश दिए हैं। विभागीय सचिव जय सिंह ने स्पष्ट कहा कि 15 अगस्त तक सर्वेक्षण कार्य पूरा करने के लक्ष्य में किसी भी प्रकार की ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी।

शुक्रवार को आयोजित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अरवल, जहानाबाद, शेखपुरा, लखीसराय और शिवहर जिलों में चल रहे सर्वेक्षण कार्य की समीक्षा की गई। बैठक में भू अभिलेख एवं परिमाप निदेशक सुहर्ष भगत, विशेष कार्य पदाधिकारी अनुपम प्रकाश सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।

समीक्षा के दौरान सचिव ने संबंधित बंदोबस्त अधिकारियों को निर्देश दिया कि 31 जुलाई तक सर्वेक्षण से जुड़े सभी लंबित चरणों और आवश्यक प्रक्रियाओं को हर हाल में पूरा कर लिया जाए, ताकि 15 अगस्त तक पूरे अभियान का लक्ष्य हासिल किया जा सके।

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि कार्य की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और फील्ड स्तर पर आने वाली समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए। सचिव ने यह भी निर्देश दिया कि किसी भी कारण से सर्वेक्षण कार्य की गति प्रभावित नहीं होनी चाहिए और सभी अधिकारी व्यक्तिगत जिम्मेदारी के साथ तय समयसीमा का पालन करें।

Read more

Local News