हजारीबाग: उपायुक्त हेमंत सती के निर्देश पर जिले में ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान के अंतर्गत किशोरियों के लिए विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला समाज कल्याण कार्यालय के समन्वय में यह कार्यक्रम झारखंड बालिका आवासीय विद्यालय, कटकमदाग और कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, कटकमसांडी में आयोजित हुआ।
कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा और सरकारी कल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक बनाना था। इस दौरान विशेषज्ञों ने साइबर सुरक्षा, इंटरनेट के सुरक्षित उपयोग, सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना, मासिक धर्म स्वच्छता प्रबंधन, बाल विवाह की रोकथाम, ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान और सखी वन स्टॉप सेंटर की सेवाओं से संबंधित विस्तृत जानकारी साझा की।
सत्र के दौरान बालिकाओं को उनके अधिकारों, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, पोषण, स्वास्थ्य देखभाल और लैंगिक समानता के महत्व से अवगत कराया गया। साथ ही महिलाओं और बालिकाओं के खिलाफ हिंसा की स्थिति में उपलब्ध कानूनी सहायता, चिकित्सकीय सुविधा, मनोसामाजिक परामर्श और अस्थायी आश्रय जैसी सेवाओं की भी जानकारी दी गई


