Tuesday, July 7, 2026

जगन्नाथपुर मंदिर में आगामी 16 जुलाई से शुरू होने वाले विश्वप्रसिद्ध रथ यात्रा महोत्सव में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे.

Share

Ranchi: रांची के धुर्वा स्थित ऐतिहासिक जगन्नाथपुर मंदिर में आगामी 16 जुलाई से शुरू होने वाले विश्वप्रसिद्ध रथ यात्रा महोत्सव में झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे. मुख्यमंत्री ने इस भव्य और पवित्र धार्मिक आयोजन के उद्घाटन समारोह में सम्मिलित होने के निमंत्रण को स्वीकार कर लिया है.

दरअसल मंगलवार को कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में ‘जगन्नाथपुर मंदिर न्यास समिति’ के एक प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात की. इस शिष्टाचार मुलाकात के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को आगामी रथ यात्रा महोत्सव का औपचारिक आमंत्रण पत्र सौंपा और उनसे उद्घाटन समारोह में शामिल होकर महोत्सव की गरिमा बढ़ाने का अनुरोध किया. इसके साथ ही समिति के सदस्यों ने मुख्यमंत्री को इस वर्ष होने वाले महोत्सव की तैयारियों, श्रद्धालुओं की सुरक्षा व सुविधा के लिए की जा रही व्यवस्थाओं और स्थानीय जनभावनाओं से भी विस्तारपूर्वक अवगत कराया.

मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधिमंडल के आमंत्रण पर अपनी सहमति देते हुए इस ऐतिहासिक रथ यात्रा महोत्सव की सफलता के लिए अपनी हार्दिक शुभकामनाएं दीं. उन्होंने कहा कि जगन्नाथपुर की रथ यात्रा झारखंड की समृद्ध सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का एक बेहद महत्वपूर्ण हिस्सा है, जिससे प्रदेश के लाखों लोगों की गहरी आस्था जुड़ी हुई है.

इस अवसर पर मुख्यमंत्री को आमंत्रित करने पहुंचे प्रतिनिधिमंडल में जगन्नाथपुर मंदिर न्यास समिति के अध्यक्ष एन. एन. पांडे, प्रथम सेवक (सेवायत) ठाकुर सुधांशु नाथ शाहदेव, सचिव प्रसन्न कुमार, सदस्य गोपाल उपाध्याय, नीतू देवी, कमल ठाकुर और सहयोगी अमरदीप कौशल मुख्य रूप से शामिल रहे. मंदिर समिति के अनुसार, 16 जुलाई से शुरू होने वाले इस नौ दिवसीय पारंपरिक महोत्सव को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं.

Table of contents [hide]

Read more

Local News