Tuesday, July 7, 2026

नेउरा-दनियावां नई रेल लाइन पर ट्रेन परिचालन शुरू करने की दिशा में रेलवे की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं।

Share

  • नेउरा-दनियावां नई रेल लाइन पर ट्रेन परिचालन की तैयारियां अंतिम चरण में हैं, अधिकांश तकनीकी कार्य पूरे हो चुके हैं। अब केवल रेलवे सुरक्षा आयुक्त के निरीक्षण और स्वीकृति का इंतजार है, जिससे पटना और आसपास के क्षेत्रों को बेहतर रेल संपर्क मिलेगा।

पटना। नेउरा-दनियावां नई रेल लाइन पर ट्रेन परिचालन शुरू करने की दिशा में रेलवे की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। रेलखंड पर आवश्यक तकनीकी और परिचालन संबंधी अधिकांश कार्य पूरे कर लिए गए हैं।

  • विभिन्न स्टेशनों पर स्टेशन मास्टर की तैनाती कर दी गई है, जबकि सिग्नल एवं दूरसंचार प्रणाली से जुड़े ऑटोमेटिक इंटरलॉकिंग (एआई) का कार्य भी पूरा हो चुका है। अब इस बहुप्रतीक्षित रेल लाइन पर ट्रेन परिचालन शुरू होने से पहले केवल रेलवे सुरक्षा आयुक्त (सीआरएस) के निरीक्षण और उनकी स्वीकृति का इंतजार है।

नेउरा-दनियावां रेललाइन का निर्माण दो चरणों में हो रहा है। एक हिस्सा नेउरा से जट डुमरी 18 किमी और दूसरा हिस्सा जट डुमरी से दनियावां के बीच 24 किमी है। इसमें जट डुमरी से दनियावां लाइन पर काम पूरा हो चुका है। इस पर ट्रेनों का परिचालन भी शुरू है। वहीं, नेउरा से जट डुमरी के बीच भी सभी कार्य हो गए हैं।

नेउरा रेलवे गुमटी से पूरब-दक्षिण साइड में रेलवे लाइन के किनारे से निकली नई रेललाइन नेउरा-दनियावां का स्टार्टिंग प्वाइंट है।

इसी प्रोजेक्ट के हिस्सा दनियावां से बिहारशरीफ तक 38 किमी के दायरे में ट्रेन परिचालन शुरू हाे चुका है। अब सिर्फ नेउरा से जट डुमरी तक परिचालन शुरू होने के बाद मेन लाइन से बिहारशरीफ के बीच सीधा संपर्क हो जाएगा।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार ट्रैक, सिग्नलिंग, दूरसंचार नेटवर्क और अन्य सुरक्षा व्यवस्थाएं लगभग पूरी हो चुकी हैं। स्टेशन परिसरों में भी आवश्यक सुविधाएं विकसित कर ली गई हैं।

सीआरएस निरीक्षण के दौरान ट्रैक की गुणवत्ता, पुल-पुलियों, सिग्नलिंग व्यवस्था, लेवल क्रासिंग तथा अन्य सुरक्षा मानकों की जांच की जाएगी। निरीक्षण में सब कुछ संतोषजनक मिलने पर इस रेलखंड पर नियमित ट्रेन परिचालन की अनुमति मिल जाएगी।

यात्रियों और रेलवे को होंगे कई बड़े लाभ

नेउरा-दनियावां रेल लाइन शुरू होने से दानापुर रेल मंडल के रेल नेटवर्क को नया विकल्प मिलेगा। फिलहाल पटना जंक्शन और पटना-राजेंद्रनगर रेलखंड पर ट्रेनों का दबाव काफी अधिक रहता है।

नई लाइन चालू होने के बाद कई ट्रेनों का परिचालन वैकल्पिक मार्ग से संभव होगा, जिससे मुख्य रेलखंडों पर भीड़ कम होगी और ट्रेनों के समयपालन में सुधार आएगा।

यह रेल लाइन मालगाड़ियों के संचालन के लिए भी महत्वपूर्ण साबित होगी। मालगाड़ियों को वैकल्पिक मार्ग मिलने से यात्री ट्रेनों के लिए अधिक स्लाट उपलब्ध होंगे। भविष्य में इस मार्ग से नई ट्रेनों के संचालन की संभावनाएं भी बढ़ेंगी।

स्थानीय लोगों को भी इसका सीधा लाभ मिलेगा। नेउरा, दनियावां और आसपास के ग्रामीण एवं अर्धशहरी क्षेत्रों के लोगों को पटना तथा अन्य शहरों तक बेहतर रेल संपर्क मिलेगा। इससे रोजाना आने-जाने वाले यात्रियों, छात्रों, नौकरीपेशा लोगों और व्यापारियों की यात्रा आसान होगी।

क्षेत्र में व्यापार, कृषि उत्पादों के परिवहन और छोटे उद्योगों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। इसके अलावा, किसी कारणवश मुख्य रेलमार्ग पर परिचालन बाधित होने की स्थिति में यह रेल लाइन वैकल्पिक मार्ग के रूप में काम करेगी।

इससे रेलवे की परिचालन क्षमता बढ़ेगी और आपात परिस्थितियों में ट्रेनों का संचालन अधिक सुचारु ढंग से किया जा सकेगा।

रेलवे अधिकारियों को उम्मीद है कि सीआरएस निरीक्षण जल्द पूरा होने के बाद इस रेलखंड पर ट्रेनों का नियमित परिचालन शुरू कर दिया जाएगा। इसके साथ ही पटना और आसपास के क्षेत्रों के रेल यात्रियों को तेज, सुरक्षित और अधिक सुविधाजनक यात्रा का नया विकल्प मिल जाएगा।

ये होंगे फायदे

  • नेउरा-दनियावां रेलखंड चालू होने के बाद अधिकांश मालगाड़ियां इसी मार्ग से गुजरने लगेंगी।
  • इससे पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन-हावड़ा मुख्य लाइन पर दबाव काफी कम हो जाएगा और ट्रेनों की गति बढ़ेगी।
  • नेउरा, दनियावां, बिहारशरीफ, राजगीर, गया, नवादा, बरबीघा, शेखपुरा और किऊल के लिए पैसेंजर तथा अन्य ट्रेनों की संख्या बढ़ाई जा सकेगी।
  • बाढ़ एनटीपीसी, बक्सर के पास बन रहे पावर प्लांट तथा कुल्हड़िया में निर्माणाधीन यार्ड तक मालगाड़ियों की आवाजाही भी आसानी से हो सकेगी।
  • आरा या डीडीयू जंक्शन से सीधे बिहारशरीफ व राजगीर के लिए मेमू पैसेंजर या इंटरसिटी ट्रेनों का परिचालन शुरू किया जा सकेगा।
  • मुख्य लाइन पर पटना-किऊल खंड में किसी प्रकार की समस्या आने पर ट्रेनों को इस वैकल्पिक रूट से निकाला जा सकेगा।

Read more

Local News