झारखंड सरकार ने पूर्व डीजीपी व सेवानिवृत्त आईपीएस अधिकारी अजय कुमार सिंह को झारखंड भू-संपदा नियामक प्राधिकरण (झारेरा) का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है. वहीं, सेवानिवृत्त प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश नलिन कुमार को प्राधिकरण का सदस्य बनाया गया है. इस संबंध में नगर विकास एवं आवास विभाग ने सोमवार को राज्यपाल के आदेश से अधिसूचना जारी कर दी है.
- सरकार की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार, दोनों नियुक्तियां भू-संपदा (विनियमन एवं विकास) अधिनियम, 2016 की धारा 20 और 22 के तहत की गई है. साथ ही झारखंड भू-संपदा (विनियमन एवं विकास) नियमावली, 2017 के नियम 19 के अंतर्गत गठित उच्च स्तरीय चयन समिति की अनुशंसा के आधार पर राज्य सरकार ने इन नामों को अंतिम मंजूरी दी है.
झारेरा राज्य में रियल एस्टेट परियोजनाओं के पंजीकरण, निगरानी, पारदर्शिता और खरीदारों के हितों की सुरक्षा सुनिश्चित करने वाला प्रमुख नियामक प्राधिकरण है. अजय कुमार सिंह के अध्यक्ष बनने के बाद प्राधिकरण के कार्यों में तेजी आने और रियल एस्टेट क्षेत्र में जवाबदेही व पारदर्शिता को और मजबूत करने की उम्मीद जताई जा रही है.


