रामगढ़: जिले के बिजुलिया स्थित चैंबर भवन में रविवार को रामगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज की 33वीं वार्षिक आमसभा का भव्य आयोजन हुआ. कार्यक्रम में झारखंड सरकार के मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू बतौर मुख्य अतिथि शामिल रहे. समारोह में विधायक ममता देवी, रामगढ़ उपायुक्त ऋतुराज तथा विशिष्ट अतिथि आदित्य मल्होत्रा सहित चैंबर के पदाधिकारी, कार्यकारिणी सदस्य और जिले भर के बड़ी संख्या में व्यापारी शामिल हुए.
- करीब 1500 सदस्यों वाले चैंबर की इस आमसभा में व्यापारियों की समस्याओं, जिले के व्यापारिक माहौल, आधारभूत सुविधाओं और औद्योगिक विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई. इस दौरान चैंबर की ओर से मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू को व्यापारियों की मांगों और समस्याओं से संबंधित मांग-पत्र भी सौंपा गया.
- रामगढ़ उपायुक्त ऋतुराज ने कहा कि जिला प्रशासन व्यापारियों की समस्याओं के समाधान के लिए हमेशा सकारात्मक सहयोग करेगा. प्रशासन और चैंबर के बेहतर समन्वय से व्यापारिक गतिविधियों और जनहित से जुड़े कार्यों को और प्रभावी बनाया जा सकेगा. विधायक ममता देवी ने कहा कि व्यापारियों का योगदान राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करता है. सरकार और चैंबर के संयुक्त प्रयासों से रामगढ़ के विकास को नई गति मिलेगी.
- मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने कहा कि रामगढ़ राज्य का महत्वपूर्ण औद्योगिक और व्यापारिक जिला है. सरकार यहां उद्योग, व्यापार और निवेश को बढ़ावा देने के लिए बेहतर माहौल तैयार करने के लिए प्रतिबद्ध है. उन्होंने भरोसा दिलाया कि चैंबर की ओर से उठाई गई सभी मांगों और समस्याओं पर गंभीरता से विचार कर समाधान की दिशा में ईमानदार पहल की जाएगी.
- मंत्री ने कहा कि रामगढ़ व्यापारिक दृष्टि से महत्वपूर्ण जिला है और यहां आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने, उद्योग एवं कारोबार को बढ़ावा देने तथा निवेश के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है. व्यापारियों और सरकार के बीच बेहतर समन्वय से जिले के आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी. समस्याओं के निराकरण की दिशा में गंभीर और ईमानदार पहल की जाएगी. उन्होंने व्यापारियों को आश्स्वत किया कि सरकार इस विषय को पूरी संवेदनशीलता और प्राथमिकता के साथ देखेगी.
- उन्होंने कहा कि समाज का प्रबुद्ध और उत्पादक वर्ग, जो संसाधनों का सृजन करता है तथा रोजगार के अवसर उपलब्ध कराता है, यदि संगठित होकर अपनी समस्याओं और सुझावों को जनप्रतिनिधियों के माध्यम से सरकार तक पहुंचाने का प्रयास करता है, तो ऐसे प्रयास निश्चित रूप से सराहनीय हैं. समाज में संवाद अत्यंत आवश्यक है. समस्याओं के समाधान का सबसे प्रभावी माध्यम संवाद ही है. जब सरकार, जनप्रतिनिधि और समाज के विभिन्न वर्ग आपसी चर्चा करेंगे, तभी सकारात्मक और स्थायी समाधान निकल सकेगा.
- मंत्री सुदिव्य कुमार ने कहा कि हमारी सरकार संवाद में विश्वास करती है. हम ऐसी परंपरा नहीं चाहते जिसमें जनता सरकार से भयभीत रहे. हमारा मानना है कि सरकार को जनता के गुस्से और भावनाओं का सम्मान करना चाहिए. जब सरकार जनता की भावनाओं को समझेगी और उसकी अपेक्षाओं के प्रति जवाबदेह रहेगी, तभी फैसले जनता के हित में होंगे. यदि सरकार जनता की बातों को गंभीरता से सुनेगी, तो विश्वास और पारदर्शिता दोनों मजबूत होंगे. लेकिन यदि जनता की आवाज़ को अनसुना किया जाएगा, तो लोकतंत्र की भावना कमजोर होगी.
कार्यक्रम के दौरान चैंबर की ओर से सभी अतिथियों को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया. आमसभा में व्यापार, उद्योग, सड़क, बिजली, यातायात, आधारभूत संरचना और जिले के समग्र विकास से जुड़े मुद्दों पर भी व्यापक चर्चा हुई. अंत में चैंबर पदाधिकारियों ने सभी अतिथियों और व्यापारियों का आभार व्यक्त करते हुए जिले के विकास के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प दोहराया.


