खरसावां जिले में झारखंड सरकार के निर्देश पर शनिवार से डिजिटल बिरसा कृषि जागरूकता रथ अभियान की शुरुआत की गई. समाहरणालय परिसर से उपायुक्त नितिश कुमार सिंह के निर्देश पर दो जागरूकता रथों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया.
- इस अवसर पर जिला आपूर्ति पदाधिकारी पुष्कर सिंह मुंडा, जिला कृषि पदाधिकारी रोशन नीलकमल और जिला पशुपालन व गव्य विकास पदाधिकारी भी मौजूद रहे. दोनों रथों को जिले के सरायकेला और खरसावां अनुमंडल के लिए अलग-अलग रवाना किया गया.
- यह अभियान अगले 15 दिनों तक जिले की सभी ग्राम पंचायतों में चलाया जाएगा. इस दौरान जागरूकता रथ गांव-गांव पहुंचकर किसानों को कृषि से जुड़ी नई तकनीकों और सरकारी योजनाओं की जानकारी देंगे.
- प्रत्येक पंचायत में किसान संगोष्ठियों का आयोजन किया जाएगा, जहां विशेषज्ञ आधुनिक खेती, उन्नत बीज, मृदा स्वास्थ्य प्रबंधन, जैविक खेती, कृषि यंत्रीकरण, जल संरक्षण, पशुपालन और डेयरी विकास से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा करेंगे.
अभियान के दौरान किसानों को विभिन्न सरकारी कृषि योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया भी समझाई जाएगी और तकनीकी मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि वे नई तकनीकों को अपनाकर अपनी खेती को अधिक लाभदायक बना सकें.
जिला प्रशासन ने सभी किसानों से अपील की है कि जब जागरूकता रथ उनके गांव या पंचायत पहुंचे, तो वे अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में भाग लें, कृषि विशेषज्ञों से जानकारी प्राप्त करें और सरकार की योजनाओं का लाभ उठाएं.


