Saturday, June 27, 2026

आईआईटी आईएसएम धनबाद में चल रहा 6G तकनीक पर राष्ट्रीय रिफ्रेशर कोर्स संपन्न हो गया है.

Share

धनबाद: आईआईटी (आईएसएम) धनबाद के इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग विभाग में “एडवांस्ड ऑप्टिकल कम्युनिकेशन फॉर 6G एंड बियॉन्ड” विषय पर आयोजित 12 दिवसीय रिफ्रेशर कोर्स का समापन वैलेडिक्टरी समारोह के साथ संपन्न हो गया.

National refresher course on 6G technology held at IIT ISM Dhanbad concludes

इस समापन अवसर पर कोर्स समन्वयक प्रो. अमितेश कुमार ने बताया कि 12 दिनों तक चले इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में कुल 48 विशेषज्ञ व्याख्यान आयोजित किए गए. इन व्याख्यानों में दूरसंचार विभाग (भारत सरकार), विभिन्न आईआईटी, भारतीय विज्ञान संस्थान (IISc), एनआईटी, सीएसआईआर की प्रयोगशालाओं तथा देश के कई प्रतिष्ठित शिक्षण एवं शोध संस्थानों के विशेषज्ञों ने अपने अनुभव और शोध साझा किए.

  • इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन मदन मोहन मालवीय टीचर्स ट्रेनिंग सेंटर (MMTTC) के प्रायोजन में किया गया. कार्यक्रम में इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग एवं भौतिकी विभाग के विभागाध्यक्ष, दोनों विभागों के संकाय सदस्य तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे. कार्यक्रम की निदेशक प्रो. मृणालिनी पांडेय थीं.

उन्होंने बताया कि इस रिफ्रेशर कोर्स में देश के विभिन्न राज्यों से 62 संकाय सदस्यों ने भागीदारी की. प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को एडवांस्ड ऑप्टिकल कम्युनिकेशन, 6G नेटवर्क, क्वांटम फोटोनिक्स, फोटोनिक इंटीग्रेटेड सर्किट्स, ऑप्टिकल सेंसिंग, फोटोनिक एवं माइक्रोवेव डिवाइसेज जैसी अत्याधुनिक तकनीकों से परिचित कराया गया. विशेषज्ञों ने इन क्षेत्रों में हो रहे नवीनतम शोध, तकनीकी विकास और भविष्य की संभावनाओं पर विस्तार से जानकारी दी. इससे प्रतिभागियों को आधुनिक संचार प्रौद्योगिकी और अनुसंधान के नए आयामों को समझने का अवसर मिला.

समापन समारोह में कोर्स समन्वयक प्रो. गोविंद मुर्मू ने धन्यवाद ज्ञापन देते हुए सभी विशेषज्ञ वक्ताओं, कार्यक्रम निदेशक, आयोजन समिति तथा प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग और सक्रिय सहभागिता के कारण यह 12 दिवसीय रिफ्रेशर कोर्स सफल, ज्ञानवर्धक और शिक्षकों के लिए अत्यंत उपयोगी साबित हुआ.

National refresher course on 6G technology held at IIT ISM Dhanbad concludes

Read more

Local News