Wednesday, June 24, 2026

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने GIS आधारित शहरी प्रबंधन प्रणाली की प्रगति की समीक्षा की.

Share

रांची: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने नगर विकास एवं आवास विभाग के अंतर्गत JUIDCO द्वारा संचालित GIS आधारित शहरी प्रबंधन प्रणाली परियोजना की प्रगति की समीक्षा की.

इस बैठक में नगर विकास एवं आवास, उच्च एवं तकनीकी शिक्षा तथा पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग के मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू, विकास आयुक्त अजय कुमार सिंह, पथ निर्माण विभाग एवं नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव सुनील कुमार, योजना एवं विकास विभाग के सचिव मुकेश कुमार, सूडा के निदेशक सूरज कुमार सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे.

पायलट परियोजना का दायरा और प्रगति

समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री के समक्ष अधिकारियों ने बताया कि पायलट परियोजना के रूप में रांची, धनबाद एवं गिरिडीह नगर निगमों का चयन किया गया है. इन तीनों नगर निगम क्षेत्रों में हवाई LiDAR सर्वेक्षण का कार्य सफलतापूर्वक पूर्ण कर लिया गया है तथा डिजिटल मैपिंग, GIS लेयर निर्माण एवं डाटा प्रोसेसिंग का कार्य प्रगति पर है.

परियोजना के अंतर्गत जियो-टैगिंग आधारित संपत्ति सर्वेक्षण, शहरी परिसंपत्तियों की विस्तृत मैपिंग, जल निकायों की निगरानी तथा आधुनिक GIS आधारित डिजिटल प्लेटफॉर्म विकसित किया जा रहा है. इसके माध्यम से भवनों, सड़कों, स्ट्रीट लाइट, विद्युत पोल, जल स्रोतों सहित अन्य शहरी परिसंपत्तियों का सटीक डिजिटल डेटा सुनिश्चित किया जाएगा.

मुख्यमंत्री ने दिए निर्देश

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बैठक में पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि परियोजना के कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण किया जाए. उन्होंने कहा कि यह पहल शहरी नियोजन को वैज्ञानिक आधार प्रदान करेगी, साथ ही नगर निकायों की कार्यप्रणाली को अधिक पारदर्शी और जवाबदेह बनाएगी. मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से राजस्व सुदृढ़ीकरण, परिसंपत्ति प्रबंधन तथा नागरिक सुविधाओं में सुधार हेतु GIS प्रणाली के प्रभावी उपयोग पर जोर दिया.

विस्तार की कार्ययोजना

मुख्यमंत्री ने यह भी निर्देश दिया कि पायलट परियोजना से प्राप्त अनुभवों का व्यापक विश्लेषण कर राज्य के अन्य नगर निकायों में इस प्रणाली को चरणबद्ध तरीके से विस्तारित करने की कार्ययोजना तैयार की जाए.

Read more

Local News