Tuesday, June 23, 2026

गिरिडीह नगर निगम के नए नगर आयुक्त बिजय सिंह बिरुआ के काम करने के अंदाज ने मंगलवार को सबको चौंका दिया.

Share

 गिरिडीह नगर आयुक्त बिजय सिंह बिरुआ हाफ पैंट में निगम कार्यालय पहुंचे तो कर्मचारी और आम लोग हैरान रह गए. उनके अचानक निरीक्षण से कार्यालय में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. उन्होंने बाहर सीढ़ियों पर बैठकर ही लोगों की समस्याएं भी सुनी. पूरी खबर नीचे पढ़ें…


Giridih: गिरिडीह नगर निगम के नए नगर आयुक्त बिजय सिंह बिरुआ के काम करने के अंदाज ने मंगलवार को सबको चौंका दिया. सुबह-सुबह हाफ पैंट और हवाई चप्पल में मॉर्निंग वॉक करते हुए आयुक्त सीधे नगर निगम कार्यालय पहुंच गए और मुख्य गेट की सीढ़ियों पर आम आदमी की तरह बैठ गए. सुबह काम पर पहुंचे लेबर और सफाई कर्मियों ने जब सीढ़ियों पर नगर आयुक्त को बैठे देखा तो होश उड़ गए. देखते ही देखते कर्मी धीरे-धीरे पहुंचने लगे और प्रणाम करने लगे. सूचना मिलते ही मेयर प्रमिला मेहरा भी निगम कार्यालय पहुंच गईं.

साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने का निर्देश

नगर आयुक्त बिजय सिंह बिरुआ ने बिना ड्रेस के काम पर आए सफाई कर्मियों को फटकार लगाई. सफाई अभियान में निकले मजदूरों के विषय में पूरी जानकारी ली. कर्मियों का रजिस्टर मंगाकर बारीकी से जांच की. हाथों में झाड़ू लेकर महिला सफाई कर्मियों को झाड़ू लगाने के तरीके भी बताए. फायर सेफ्टी मशीन की जांच कर सफाई अभियान बेहतर तरीके से करने का निर्देश दिया. मुहर्रम पर्व को लेकर उन्होंने कहा कि निगम के द्वारा युद्ध स्तर पर सफाई अभियान चलाया जा रहा है. जहां भी कमियां हैं हमें सूचना दें, तुरंत सफाई कराई जाएगी.

करीब दो घंटे तक सीढ़ियों पर ही बैठे रहे नगर आयुक्त

करीब दो घंटे तक एसी कमरा और गद्देदार कुर्सियों को छोड़ नगर आयुक्त मुख्य गेट की सीढ़ियों पर बैठकर निगम के कार्यों की जांच करते रहे. कई लोगों ने उन्हें उठाने का प्रयास किया, लेकिन वे सीढ़ियों पर ही बैठे रहे और कहा यह भी एक परिवार है. गौरतलब है कि बिजय सिंह बिरुआ पहले गिरिडीह के अपर समाहर्ता रह चुके हैं. उनके इस अंदाज की शहर में खूब चर्चा हो रही है.

Read more

Local News