रांची: झारखंड सरकार के खेलकूद और युवा कार्य निदेशालय तथा रांची जिला खेल कार्यालय के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार को विश्व ओलंपिक दिवस 2026 का भव्य आयोजन किया गया. इस अवसर पर जिले के विभिन्न सेंटर ऑफ एक्सीलेंस, खेलो इंडिया केंद्रों, आवासीय एवं डे-बोर्डिंग प्रशिक्षण केंद्रों तथा जेएसएसपीएस (JSSPS) के सैकड़ों खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया. कार्यक्रम का उद्देश्य खिलाड़ियों में ओलंपिक मूल्यों, खेल भावना और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता बढ़ाना था.
समारोह के मुख्य अतिथि 1984 लॉस एंजिल्स ओलंपिक में भारतीय हॉकी टीम का प्रतिनिधित्व कर चुके पूर्व ओलंपियन मनोहर टोपनो थे. वहीं खेल उपनिदेशक निर्भय कुमार, रांची के जिला खेल पदाधिकारी शिवेंद्र कुमार सिंह, डीआरडीए के परियोजना निदेशक ऋतुराज तथा जेएसएसपीएस की पुष्पा हांसदा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे. कार्यक्रम का संचालन अजय झा ने किया.
कार्यक्रम का सबसे भावनात्मक और गौरवपूर्ण क्षण वह रहा, जब ओमान में आयोजित अंडर-18 एशिया कप हॉकी प्रतियोगिता में भारत के लिए कांस्य पदक जीतकर लौटीं झारखंड की चार प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया. राजकीय आवासीय प्रशिक्षण केंद्र, बरियातू (रांची) की खिलाड़ी नीलम टोपनो, खोली कुमारी, सुगम सांगा और श्रुति कुमारी को उनकी उपलब्धि के लिए मंच पर सम्मानित किया गया. खिलाड़ियों के साथ उनकी कोच करुणा पूर्ति को भी विशेष सम्मान दिया गया.
विश्व ओलंपिक दिवस के मौके पर आयोजित विशेष मैराथन दौड़ आकर्षण का केंद्र रही. प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन किया. महिला वर्ग में ममता कुमारी ने पहला स्थान प्राप्त किया जबकि रितु कुमारी दूसरे और संजना कुमारी (JSSPS) तीसरे स्थान पर रहीं. वहीं पुरुष वर्ग में भारतीय सेना के गुरु लाल सिंह विजेता बने. सेना के ही शारद अहीक ने दूसरा स्थान हासिल किया जबकि जानकी कुमार तीसरे स्थान पर रहे.


खेलों के प्रति युवाओं में नई ऊर्जा का संचार
समारोह को सफल बनाने में जिला खेल समन्वयक आशीष कुमार बनर्जी सहित खेल विभाग के अधिकारियों, प्रशिक्षकों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही. इस मौके पर जेएसएसपीएस के सभी कोच, जिला ओलंपिक संघ के प्रभाकर वर्मा, खेल प्रेमी तथा बड़ी संख्या में खिलाड़ी उपस्थित रहे. कार्यक्रम ने खेलों के प्रति युवाओं में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार किया तथा ओलंपिक मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया.
इस अवसर पर मुख्य अतिथि मनोहर टोपनो ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि झारखंड की धरती हॉकी प्रतिभा की खान है. उन्होंने कहा कि राज्य की बेटियां लगातार राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना रही है और भविष्य में ओलंपिक जैसे बड़े मंच पर भी देश को गौरवान्वित करेंगी. उन्होंने युवा खिलाड़ियों से अनुशासन, मेहनत और समर्पण के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया.


