रांची: भारतीय जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस पर मंगलवार को रांची समेत पूरे झारखंड में बीजेपी एवं जनसंघ से जुड़े लोगों ने उन्हें याद किया. इस मौके पर रांची के हरमू स्थित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी पार्क में उनकी प्रतिमा पर बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू सहित कई नेताओं ने श्रद्धा सुमन अर्पित किए.
श्रद्धा सुमन अर्पित करने वालों में संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, बीजेपी विधायक सीपी सिंह, प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्रा, पूर्व मंत्री भानु प्रताप शाही सहित बड़ी संख्या में बीजेपी नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे.
हम सभी के पुरोधा हैं डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी: आदित्य साहू
बलिदान दिवस के मौके पर बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी हम सभी के पुरोधा हैं, जिन्होंने देश के लिए जीने का काम किया और देश के लिए मरने का काम किया. ऐसे महापुरुष का बलिदान दिवस हम सभी के लिए प्रेरणा दिवस है. उन्होंने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनके विचार आज भी प्रासंगिक हैं और हमेशा रहेंगे.
श्यामा प्रसाद मुखर्जी की देन है जम्मू-कश्मीर: सीपी सिंह
बीजेपी विधायक सीपी सिंह ने इस मौके पर श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि आज जम्मू-कश्मीर भारत का अभिन्न अंग है तो वो डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की देन है. ऐसे महापुरुष के बलिदान दिवस पर हम सभी उन्हें नमन करते हैं. उन्होंने आगे कहा कि जम्मू-कश्मीर में अलग झंडे के प्रधान का विरोध करने वाले डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का मानना था कि देश का एक संविधान होगा, एक निशान होगा और एक प्रधान होगा. इसी मांग को लेकर उन्होंने बिना परमिट के जम्मू कश्मीर में आंदोलन किया था, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया था और उसी दौरान उनकी मौत हो गई थी. बीजेपी विधायक ने कहा कि जनसंघ के संस्थापक और बलिदानी होने के नाते बीजेपी उन्हें आज नमन करती है.


