Sunday, June 21, 2026

रांची में झारखंड स्पोर्ट्स सोसाइटी ने प्रथम वार्षिक आम सभा का आयोजन किया.

Share

रांची: झारखंड स्पोर्ट्स सोसाइटी (JSS) की प्रथम वार्षिक आम सभा रविवार को मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम, मोरहाबादी स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित की गई. इस महत्वपूर्ण बैठक में राज्य के खेल जगत से जुड़े पूर्व राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, खेल प्रशासकों, खेल अधिकारियों, खेल पत्रकारों और खेल विशेषज्ञों ने भाग लिया. बैठक की अध्यक्षता आईपीएस अधिकारी एवं वरिष्ठ खेल प्रशासक डॉ सरोजिनी लाकड़ा ने की.

बैठक में लगभग 55 पूर्व खिलाड़ी हुए शामिल

सभा में लगभग 55 पूर्व राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों की उपस्थिति रही. बैठक का मुख्य उद्देश्य राज्य के पूर्व खिलाड़ियों के अस्तित्व, पहचान और सम्मान को बनाए रखने के साथ-साथ झारखंड में खेलों के समग्र विकास को लेकर एक ठोस रणनीति तैयार करना था. इस दौरान युवा खिलाड़ियों के सामने मौजूद चुनौतियों और समस्याओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई.

खिलाड़ियों को बेहतर अवसर देने पर बनी रणनीति

बैठक में झारखंड स्पोर्ट्स सोसाइटी के सफल संचालन के लिए विभिन्न समितियों के गठन, राज्य में समय-समय पर खेल कार्यक्रमों के आयोजन और खिलाड़ियों के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के विषय पर विचार-विमर्श किया गया. इसके अलावा झारखंड स्पोर्ट्स क्लब और सीनियर स्पोर्ट्स सेंटर के संचालन की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई. सदस्यों ने कहा कि अनुभवी खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों के अनुभव का लाभ नई पीढ़ी के खिलाड़ियों तक पहुंचाना समय की आवश्यकता है.

खेल और खिलाड़ियों के बीच हो बेहतर समन्वय: जेएसएस

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि झारखंड स्पोर्ट्स सोसाइटी राज्य में खेल संस्कृति को मजबूत करने, प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने, खिलाड़ियों और खेल संस्थाओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने की दिशा में सक्रिय भूमिका निभाएगी. संगठन खेल प्रतिभाओं की पहचान, प्रशिक्षण, मार्गदर्शन और खेल संबंधी जागरूकता कार्यक्रमों के आयोजन पर विशेष ध्यान देगा.

बैठक में मौजूद सदस्यों ने झारखंड को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेलों को नई पहचान दिलाने के लिए सामूहिक प्रयास करने की आवश्यकता पर बल दिया. वक्ताओं ने कहा कि राज्य ने हॉकी, एथलेटिक्स, तीरंदाजी और अन्य खेलों में कई प्रतिभाशाली खिलाड़ी देश को दिए हैं. ऐसे में खेल विकास के लिए पूर्व खिलाड़ियों की भागीदारी बेहद महत्वपूर्ण है.

बैठक में ये लोग रहे मौजूद

कार्यक्रम में मुख्य रूप से ध्यानचंद पुरस्कार विजेता सुमराय टेटे, पूर्व हॉकी खिलाड़ी सावित्री पूर्ति, टेलेस्फोर एक्का, करुणा पूर्ति, विजय नीलमणि खलखो, जेवियर गिद्ध, निकोलस खलखो, बिरेंदर लकड़ा, राजेश कुमार सिंह, सुनील कच्छप, अलेक्सियुस लकड़ा, कमल होरो, राजे कुमारी कुजूर, अरविंद कुमार, संतोष कुमार, अमासी बारला और शिव कुमार रमन सहित कई पूर्व खिलाड़ी एवं खेल विशेषज्ञ उपस्थित रहे.

बैठक के अंत में सभी सदस्यों ने झारखंड में खेलों के विकास के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया. धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन हुआ. झारखंड स्पोर्ट्स सोसाइटी के जेनरल सेक्रेट्री सुमराय टेटे ने बताया कि संगठन आने वाले दिनों में खिलाड़ियों के हित और खेल विकास को केंद्र में रखकर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करेगा.

Read more

Local News