Friday, June 19, 2026

रांची में आयोजित 12वीं राष्ट्रीय स्केटिंग चैंपियनशिप में झारखंड के खिलाड़ियों ने 2 गोल्ड समेत 10 मेडल अपने नाम किए हैं.

Share

रांची: 12वीं नेशनल रोलर स्केटिंग रैंकिंग चैंपियनशिप 2026 में झारखंड के स्केटर्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राज्य का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है. खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा, मेहनत और बेहतरीन तकनीक का प्रदर्शन करते हुए कुल 10 पदक अपने नाम किए, जिनमें 2 स्वर्ण, 3 रजत और 5 कांस्य पदक शामिल हैं. इस उपलब्धि के साथ झारखंड ने प्रतियोगिता में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई और रोलर स्केटिंग के क्षेत्र में नई पहचान बनाई.

राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में देशभर से आए प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के बीच झारखंड के स्केटर्स ने शानदार प्रदर्शन किया. कठिन प्रतिस्पर्धा के बावजूद खिलाड़ियों ने आत्मविश्वास और अनुशासन का परिचय देते हुए पदक जीतकर राज्य को गौरवान्वित किया. खिलाड़ियों के इस प्रदर्शन से खेल प्रेमियों और स्केटिंग जगत में उत्साह का माहौल है.

NATIONAL ​​SKATING in jharkhand

झारखंड रोलर स्केटिंग संघ ने दी बधाई

झारखंड रोलर स्केटिंग एसोसिएशन ने खिलाड़ियों की इस सफलता पर हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी है. एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने कहा कि यह उपलब्धि खिलाड़ियों की वर्षों की मेहनत, नियमित अभ्यास और उनके कोचों के मार्गदर्शन का परिणाम है. साथ ही उन्होंने खिलाड़ियों के माता-पिता की भूमिका की भी सराहना की, जिन्होंने हर परिस्थिति में उनका उत्साह बढ़ाया.

2 गोल्ड, 3 सिल्वर और 5 ब्रॉन्ज झारखंड के नाम

एसोसिएशन के सचिव सुमित शर्मा ने कहा कि राष्ट्रीय प्रतियोगिता में 10 पदक जीतना झारखंड के लिए बेहद गर्व की बात है. उन्होंने कहा, हमारे खिलाड़ियों ने जिस समर्पण और जुनून के साथ प्रदर्शन किया, वह आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बनेगा. 2 गोल्ड, 3 सिल्वर और 5 ब्रॉन्ज मेडल जीतना उनकी कड़ी मेहनत का प्रतिफल है. झारखंड रोलर स्केटिंग एसोसिएशन खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है.

इस अवसर पर एसोसिएशन के अध्यक्ष विकास सिंह, कोषाध्यक्ष जय प्रकाश गुप्ता और संरक्षक अभिषेक राठौर और जितेंद्र कुमार ने भी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की. उन्होंने कहा कि राज्य के स्केटर्स लगातार राष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं, जिससे झारखंड में रोलर स्केटिंग के प्रति युवाओं का रुझान बढ़ रहा है.

अंतरराष्ट्रीय पहचान बनाएगी झारखंड के स्केटर्स

एसोसिएशन के अध्यक्ष विकास सिंह ने कहा, यह सफलता पूरे झारखंड के लिए गर्व का क्षण है. खिलाड़ियों ने साबित कर दिया है कि यदि सही अवसर और मार्गदर्शन मिले तो राज्य के खिलाड़ी किसी भी राष्ट्रीय मंच पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकते हैं. उन्हें विश्वास है कि आने वाले वर्षों में झारखंड के स्केटर्स अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान बनाएंगे.

12वीं नेशनल रोलर स्केटिंग रैंकिंग चैंपियनशिप में मिली यह सफलता झारखंड में स्केटिंग खेल के बढ़ते स्तर और खिलाड़ियों की निरंतर प्रगति का प्रमाण है. खिलाड़ियों के इस प्रदर्शन ने राज्य के खेल जगत को नई ऊर्जा और नई उम्मीद दी है.

Read more

Local News