Thursday, June 18, 2026

झारखंड टी20 क्रिकेट लीग में धनबाद डायमंड्स ने संथाल स्ट्राइकर्स को हराया.

Share

रांचीः झारखंड टी20 क्रिकेट लीग 2026 में धनबाद डायमंड्स ने आखिरकार जीत का खाता खोल लिया. जेएससीए इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में धनबाद डायमंड्स ने संथाल स्ट्राइकर्स को सात विकेट से हराकर टूर्नामेंट में अपनी पहली जीत दर्ज की. टीम ने 184 रनों के लक्ष्य को आठ गेंद शेष रहते हासिल कर लिया.

टॉस के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए संथाल स्ट्राइकर्स ने निर्धारित 20 ओवर में छह विकेट के नुकसान पर 183 रन का प्रतिस्पर्धी स्कोर खड़ा किया. टीम की पारी की सबसे बड़ी विशेषता तीसरे विकेट के लिए अरविंद कुमार और कुमार सूरज के बीच हुई 101 रनों की शानदार साझेदारी रही. अरविंद कुमार ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 41 गेंदों पर 62 रन बनाए, जबकि कुमार सूरज ने 30 गेंदों में 41 रनों की उपयोगी पारी खेली. इसके अलावा सुमित कुमार ने 16 गेंदों पर 25 रन बनाकर टीम के स्कोर को मजबूती प्रदान की.

धनबाद डायमंड्स की ओर से गेंदबाजी में विवेकानंद तिवारी सबसे सफल रहे. उन्होंने अपने चार ओवर में 33 रन देकर दो विकेट हासिल किए. वहीं तेज गेंदबाज सुशांत मिश्रा ने 23 रन देकर एक विकेट और मीत जैन ने 27 रन देकर एक विकेट अपने नाम किया.

Dhanbad Diamonds defeated Santhal Strikers in Jharkhand T20 Cricket League

184 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी धनबाद डायमंड्स की शुरुआत शानदार रही. ओपनर विकास कुमार विशाल और आर्यमान सेन ने पहले विकेट के लिए 50 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी कर टीम को मजबूत आधार दिया. आर्यमान सेन ने 32 रनों का योगदान दिया.

इसके बाद ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ आदित्य सिंह ने तेजतर्रार बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया. उन्होंने सिर्फ 32 गेंदों में 59 रन बनाते हुए विपक्षी गेंदबाजों पर दबाव बना दिया और लक्ष्य को आसान कर दिया. आदित्य की इस पारी ने धनबाद की जीत की नींव रखी.

Dhanbad Diamonds defeated Santhal Strikers in Jharkhand T20 Cricket League

हालांकि मैच के असली नायक ओपनर विकास कुमार विशाल रहे, जिन्होंने शुरू से अंत तक क्रीज पर टिके रहते हुए जिम्मेदारी भरी पारी खेली. विकास ने 56 गेंदों में नाबाद 79 रन बनाए और टीम को जीत तक पहुंचाया. उनकी संयम और आक्रामकता से सजी पारी की बदौलत धनबाद डायमंड्स ने 18.4 ओवर में तीन विकेट खोकर 185 रन बनाते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया.

इस जीत के साथ धनबाद डायमंड्स ने टूर्नामेंट में अपने अभियान को नई दिशा दी है, जबकि संथाल स्ट्राइकर्स को इस मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा. विकास कुमार विशाल और आदित्य सिंह की शानदार बल्लेबाजी इस मैच का मुख्य आकर्षण रही.

Read more

Local News