अगर आप वीवो का कोई स्मार्टफोन खरीदने का मन बना रहे हैं तो यह ख़बर आपके लिए काफी जरूरी है. कंपनी ने अपने कई पॉपुलर मॉडल्स की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी है. यह प्राइस हाइक सिर्फ प्रीमियम रेंज तक सीमित नहीं है, बल्कि मिड-रेंज Y-Series के स्मार्टफोन भी महंगे हुए हैं.
भारत के एक मशहूर टिप्स्टर संजू चौधरी ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए वीवो के कई स्मार्टफोन्स की पुरानी और नई कीमतों की जानकारी दी है. हालांकि, फोन की बढ़ी कीमतों के बारे में वीवो की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है, लेकिन हमने जब वीवो की वेबसाइट्स पर जाकर इन मॉडल्स की कीमत को चेक किया तो वो सच में बढ़ चुके हैं. इनमें Vivo V70 Elite, Vivo V70, Vivo Y21 और Vivo Y400 भी शामिल हैं. इन फोन्स की बढ़ी हुई कीमत वीवो वेबसाइट पर लाइव हो चुकी हैं.
V70 और V70 Elite हुए महंगे
- Vivo V70 Elite का 8GB + 256GB वेरिएंट अब 58,999 रुपये में मिलेगा, जो पहले 54,999 रुपये था, यानी इस वेरिएंट पर 4,000 रुपये की बढ़ोतरी हुई है.
- Vivo V70 Elite के 12GB + 256GB वेरिएंट की कीमत 59,999 से बढ़कर 63,999 रुपये हो गई है, यानी इस वेरिएंट पर भी 4,000 रुपये की बढ़ोतरी हुई है.
- Vivo V70 के 8GB + 256GB वेरिएंट की कीमत 49,999 से बढ़कर 53,999 रुपये हो गई है, यानी इस वेरिएंट पर भी 4,000 रुपये की बढ़ोतरी हुई है.
- Vivo V70 के 12GB + 256GB वेरिएंट की कीमत 53,999 से बढ़कर 56,999 रुपये हो गई है, यानी इस वेरिएंट पर 3,000 रुपये की बढ़ोतरी हुई है.
वीवो के मिड-रेंज फोन भी हुए महंगे
वीवो के सिर्फ प्रीमियम फोन्स ही नहीं, बल्कि बजट और मिड-रेंज स्मार्टफोन्स की कीमत भी बढ़ी है. Vivo Y21 के 6GB + 128GB वेरिएंट की कीमत 20,999 से बढ़कर 21,999 रुपये हो गई है, जो 1,000 रुपये की बढ़ोतरी है. Vivo Y400 पर सबसे ज़्यादा असर देखने को मिला है. इसके 8GB + 128GB वेरिएंट की कीमत 28,999 से सीधे 31,999 रुपये हो गई, यानी 3,000 रुपये का झटका. 8GB + 256GB वेरिएंट की कीमत भी 31,999 से बढ़कर 34,999 रुपये हो गई है. Y400 पर यह बढ़ोतरी कंपनी की पूरी लाइनअप में सबसे ज़्यादा मानी जा रही है.
वीवो ने पहले भी बढ़ाए दाम
ऐसा पहली बार नहीं है कि वीवो ने अपने फोन्स की कीमत को बढ़ा दिया है. मई 2025 में भी वीवो ने कई स्मार्टफोन्स की कीमत बढ़ाई थी, जिनमें Vivo T5x, V70 Elite, Y400, Y51 Pro और Y31 5G जैसे मॉडल्स शामिल हैं. अब वीवो ने इस बार जिन फोन्स की कीमत बढ़ाई हैं, उनमें V70 Elite और Y400 का नाम एक बार फिर से है, यानी इन दोनों फोन की कीमत दूसरी बार बढ़ाई गई है.
स्मार्टफोन की कीमत बढ़ने की वजह पूरी दुनिया में मेमोरी कंपोनेंट की कमी को बताया जा रहा है, जो खासतौर पर एंटरप्राइज़ डेटा सेंटर्स की बढ़ती मांग की वजह से पैदा हुई है. इस कमी का असर अब आम उपभोक्ताओं की जेब पर भी पड़ रहा है. हाल ही में नथिंग के को-फाउंडर कार्ल पीई ने अपने एक पोस्ट के जरिए कहा था, “स्मार्टफोन खरीदने का सही वक्त कल था, क्योंकि आने वाले महीनों में स्मार्टफोन्स की कीमत काफी ज्यादा बढ़ने वाली है.”


