Sunday, September 13, 2026

आगामी दिनों में झारखंड में बारिश के साथ गर्मी बढ़ने के आसार हैं.

Share

रांचीः झारखंड में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलने वाला है. मौसम केंद्र रांची के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार 15 से 17 जून के बीच राज्य के कई हिस्सों में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और हल्की से मध्यम बारिश के साथ मेघ गर्जन की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं. इसके साथ ही अधिकतम तापमान में भी धीरे-धीरे वृद्धि होने की संभावना जताई गई है, जिससे लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ सकता है.

आज यानी 15 जून का मौसम

15 जून को राज्य के उत्तर-पश्चिमी हिस्सों को छोड़कर अधिकांश क्षेत्रों में बादल छाए रहने की संभावना है. कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं. मौसम विभाग ने कुछ स्थानों पर 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की चेतावनी जारी की है. मध्य और दक्षिणी झारखंड के जिलों में मौसम का प्रभाव अधिक रहने की संभावना है.

Heat to persist alongside rain in several districts of Jharkhand

रांची, खूंटी, गुमला, लोहरदगा, बोकारो, रामगढ़, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा और सरायकेला-खरसावां समेत आसपास के क्षेत्रों में बारिश और मेघ गर्जन की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं. वहीं देवघर, दुमका, जामताड़ा, गोड्डा, पाकुड़ और साहिबगंज जैसे उत्तर-पूर्वी जिलों में भी मौसम सक्रिय रह सकता है.

16 जून को भी जारी रहेगा असर

16 जून को भी मौसम में विशेष बदलाव की संभावना नहीं है. राज्य के अधिकांश हिस्सों में बादल छाए रहेंगे और कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. गरज-चमक और तेज हवाओं का असर भी जारी रहने का अनुमान है.

17 जून को दक्षिणी जिलों में बढ़ेगी गतिविधि

17 जून को दक्षिणी और निकटवर्ती मध्य झारखंड के इलाकों में बारिश और मेघ गर्जन की संभावना अधिक बताई गई है. रांची, खूंटी, गुमला, सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां जिलों में मौसम अपेक्षाकृत अधिक सक्रिय रह सकता है.

Heat to persist alongside rain in several districts of Jharkhand

तापमान में होगी बढ़ोतरी

मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों के दौरान राज्य के अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि हो सकती है. इससे दिन में गर्मी और उमस दोनों बढ़ने की संभावना है. हालांकि बीच-बीच में होने वाली बारिश से कुछ क्षेत्रों को अस्थायी राहत मिल सकती है.

पिछले 24 घंटे में डाल्टनगंज रहा सबसे ज्यादा गर्म

पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य के कई हिस्सों में तापमान सामान्य के आसपास या उससे ऊपर दर्ज किया गया, जबकि कुछ इलाकों में बारिश के कारण गर्मी से राहत भी मिली. राज्य में सबसे अधिक गर्मी डालटनगंज में रिकॉर्ड की गई, जहां अधिकतम तापमान 40.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ. यह सामान्य से 1.2 डिग्री अधिक रहा। इसके अलावा चाईबासा में अधिकतम तापमान 38.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.3 डिग्री अधिक रहा और राज्य में सामान्य से सबसे ज्यादा तापमान विचलन यहीं देखा गया.

प्रमुख शहरों के तापमान का हाल

जमशेदपुर का अधिकतम तापमान 37.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 0.7 डिग्री अधिक है. वहीं बोकारो थर्मल में अधिकतम तापमान 38.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, हालांकि यह सामान्य से 1.4 डिग्री कम रहा. राजधानी रांची में अधिकतम तापमान 34.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 1.4 डिग्री कम है. पिछले 24 घंटे में रांची में 37.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जिससे लोगों को उमस और गर्मी से कुछ राहत मिली.

न्यूनतम तापमान की बात करें तो राज्य में सबसे कम तापमान लातेहार में 20.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. रांची का न्यूनतम तापमान 21.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 2.5 डिग्री कम है. बारिश के मामले में बीएयू कांके सबसे आगे रहा, जहां पिछले 24 घंटे में 86.4 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई. इसके अलावा नामकुम में 48.4 मिमी, रामगढ़ डीवीसी में 40.0 मिमी और रांची मौसम केंद्र में 37.4 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई.

Read more

Local News