12 जून को दोपहर बाद Facebook, Instagram और WhatsApp अचानक बंद हो गए और भारत समेत दुनियाभर के यूजर्स को एक्सेस में परेशानी आने लगी.
आजकल फेसबुक और इंस्टाग्राम दुनियाभर के करोड़ों यूज़र्स के लिए किसी डेली लाइफलाइन से कम नहीं है. ऐसे में अगर ये प्लेटफॉर्म्स थोड़ी देर के भी ठप होते हैं तो उसका असर काफी बड़ा होता है. ऐसा ही कुछ आज भी देखने को मिला, जब भारत समेत पूरी दुनिया में मेटा का ग्लोबल आउटेज हो गया.
मेटा का ग्लोबल आउटेज
आज यानी 12 जून 2026 को भारतीय समयानुसार दोपहर करीब 2:30 बजे के बाद से फेसबुक समेत मेटा के कई दूसरे प्लेटफॉर्म्स जैसे इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप भी अचानक बंद हो गए. दुनियाभर के करोड़ों यूजर्स को अपने अकाउंट खोलने में परेशानी आने लगी.
रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह समस्या सिर्फ फेसबुक ही नहीं, बल्कि इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप के डेस्कटॉप वर्ज़न पर भी देखने को मिल रही है. यूज़र्स को इन प्लेटफॉर्म्स पर लॉग-इन करने और मैसेज भेजने में दिक्कत हो रही है.
मेटा के प्रवक्ता एंडी स्टोन ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर 7:41 PM IST पर एक पोस्ट करके लिखा, “हमें पता चला है कि लोग हमारी सर्विसेज़ को यूज़ करने में परेशानियों का सामना कर रहे हैं. हम समस्या से निपटने के लिए काम कर रहे हैं.”
Downforeveryoneorjustme के मुताबिक यह समस्या सिर्फ किसी एक देश तक सीमित नहीं है. भारत, अमेरिका, कनाडा, ऑस्ट्रेलिया और फिलीपींस समेत कई देशों के यूजर्स ने एक्सेस में दिक्कत की शिकायत की है.
वेबसाइट्स और ऐप का रनिंग स्टेट्स को चेक करने वाले प्लेटफॉर्म डाउनडिटेक्टर पर जब हमने चेक किया तो पाया कि इंस्टाग्राम, फेसबुक, व्हाट्सएप और मैसेंजर भी डाउन हो गया है. इसका मतलब है कि मेटा के सभी प्लेटफॉर्म्स पर इस बड़े आउटेज का असर पड़ा है.
भारतीय समयानुसार इस ग्लोबल आउटेज की शुरुआत तो दोपहर से ही हो चुकी थी, लेकिन इसका ज्यादा असर शाम 5-6 बजे के बाद से दिखना शुरू हुआ, जब डाउनडिटेक्टर और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लोगों के शिकायतों की बाढ़ आनी शुरू हो गई.

डाउनडिटेक्टर के मुताबिक, इंस्टाग्राम पर इसका सबसे ज्यादा असर करीब 7:45 PM IST पर देखने को मिला जब 7,500 से ज्यादा लोगों ने शिकायत की. लोगों को ऐप के साथ लॉगिन और सर्वर कनेक्शन में दिक्कत हो रही है. फेसबुक पर समस्या के बारे में शाम 7:23 PM IST पर करीब 1,300 से लोगों ने शिकायत दर्ज कराई थी.
फेसबुक में भी लोगों को ऐप खुलने और लॉगिन करने और सर्विस कनेक्शन आदि में दिक्कत आ रही थी. वहीं, व्हाट्सएप पर ज्यादातर दिक्कत लोगों को डेस्कटॉप वर्ज़न पर हुई. 35% लोगों ने वेबसाइट, 33% लोगों ने ऐप और 28% लोगों ने लॉगिन करने में दिक्कत हो रही है.


