Friday, June 12, 2026

बोकारो के कुर्मीडीह से लापता हुए बच्चे को पुलिस ने ओडिशा के पुरी से बरामद कर लिया है.

Share

बोकारो : जिले के बालीडीह थाना क्षेत्र के कुर्मीडीह से लापता बच्चे को ओडिशा के पुरी से सकुशल बरामद कर लिया गया है. यह बच्चा 6 जून से लापता था, जिसकी लिखित शिकायत बालीडीह थाने में दर्ज कराई गई थी. पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीना के निर्देश पर बच्चे की तलाश के लिए तीन अलग-अलग टीमों का गठन किया गया था. इस टीम के द्वारा बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया गया.

इन टीमों ने बोकारो रेलवे स्टेशन सहित कुल 8 रेलवे स्टेशनों के सीसीटीवी फुटेज की गहनता से जांच की. बोकारो और मुरी रेलवे स्टेशनों पर बच्चा रेलवे स्टेशन और ट्रेन में सवार होता हुआ दिखाई दिया. इसके उपरांत, सीसीटीवी फुटेज की सहायता से उसे ओडिशा के पुरी से बरामद कर लिया गया. बरामदगी के समय उसकी मां भी मौके पर उपस्थित रहीं.

मुख्यालय डीएसपी ने बताया कि नाबालिग बच्चों के लापता होने के मामलों में झारखंड उच्च न्यायालय भी अत्यंत गंभीर है. इसे ध्यान में रखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की और 5 दिनों के भीतर लापता बच्चे को बरामद कर लिया.

डीएसपी मुख्यालय पवन कुमार ने यह भी बताया कि बच्चे के पिता का नाम अमित गुप्ता है, जो एक आपराधिक मामले में जेल में बंद हैं. माता भी दिल्ली में कार्यरत हैं, इस कारण बच्चा पूरी तरह से भटक गया था और उसने यह कदम उठाया था.

Read more

Local News