Wednesday, June 10, 2026

देवघर में अतिक्रमण और जाम की समस्या से लोग परेशान हैं.

Share

देवघर: शहर में अतिक्रमण की समस्या एक बार फिर प्रशासन के निशाने पर है, खासकर शहर के व्यस्ततम और प्रमुख बाजार क्षेत्र टावर चौक से शिक्षा सभा चौक तक सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण के कारण लोगों को रोजाना जाम और आवागमन की परेशानी का सामना करना पड़ता है. स्थानीय दुकानदारों द्वारा सड़क पर दुकान का दायरा बढ़ा लेने से सड़क संकरी हो जाती है, जिससे यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है.

इसी समस्या को देखते हुए बुधवार को देवघर नगर निगम ने अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया. अभियान के दौरान टावर चौक से लेकर शिक्षा सभा चौक तक बुलडोजर चलाकर सड़क किनारे किए गए अस्थायी निर्माण और अतिक्रमण को हटाया गया.

बुलडोजर पहुंचते ही स्थानीय दुकानदारों में हड़कंप मच गया. कई दुकानदार आनन-फानन में अपने अस्थायी ढांचे और सामान हटाने लगे. इस दौरान कुछ दुकानदारों और नगर निगम कर्मियों के बीच हल्की नोकझोंक भी देखने को मिली.

प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल

अभियान के दौरान स्थानीय दुकानदारों ने प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाए. उनका कहना था कि जब सड़क किनारे निर्माण या दुकान लगाने का काम शुरू होता है, तब प्रशासन कोई कार्रवाई नहीं करता. लेकिन निर्माण पूरा होने के बाद बुलडोजर चलाकर उसे तोड़ दिया जाता है.

पहले भी चलाया गया अतिक्रमण हटाने का अभियान

दुकानदारों का कहना है कि मुख्य बाजार क्षेत्र में अधिकांश दुकानें छोटी हैं, इसलिए सड़क किनारे दुकान लगाना उनकी मजबूरी बन जाती है. वहीं कई स्थानीय लोगों ने नगर निगम की कार्रवाई का समर्थन करते हुए कहा कि अतिक्रमण हटाने का अभियान पहले भी कई बार चलाया गया है, लेकिन कुछ दिनों बाद फिर से सड़क पर कब्जा कर लिया जाता है. लोगों का मानना है कि यदि कार्रवाई के बाद नियमित निगरानी की जाए तो अतिक्रमण की समस्या पर स्थायी रूप से नियंत्रण पाया जा सकता है.

भविष्य में अतिक्रमण नहीं करने की चेतावनी

अभियान का नेतृत्व कर रहे टैक्स इंस्पेक्टर पिंटू कुमार ने बताया कि अतिक्रमण हटाने के बाद यदि कोई दुकानदार दोबारा सड़क पर कब्जा करता है तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी. ऐसे लोगों को लीगल नोटिस भेजने के साथ जुर्माना भी लगाया जाएगा. उन्होंने बताया कि बुधवार को भी कई दुकानदारों से जुर्माना वसूला गया और उन्हें भविष्य में अतिक्रमण नहीं करने की सख्त चेतावनी दी गई.

गौरतलब है कि टावर चौक से शिक्षा सभा चौक तक का इलाका शहर के सबसे व्यस्त बाजार क्षेत्रों में शामिल है. इसी मार्ग पर सब्जी मंडी, राशन दुकानें और कई प्रमुख व्यावसायिक प्रतिष्ठान स्थित हैं, जिसके कारण यहां दिनभर श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ रहती है.

श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ जाती है

सावन माह के दौरान इस मार्ग पर श्रद्धालुओं की संख्या कई गुना बढ़ जाती है. ऐसे में जिला प्रशासन और नगर निगम अभी से इस मार्ग को अतिक्रमण मुक्त बनाने में जुटे हैं, ताकि आने वाले दिनों में यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे और लोगों को जाम की समस्या से राहत मिल सके.

Read more

Local News