Monday, June 8, 2026

धनबाद में पेपर लीक और महंगाई के खिलाफ युवा कांग्रेस ने आक्रोश रैली निकाली.

Share

धनबाद: देशभर में बढ़ती महंगाई और प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार सामने आ रहे पेपर लीक के मामलों को लेकर युवा कांग्रेस ने सोमवार को धनबाद में केंद्र सरकार के खिलाफ मोर्चा खोला. हल्ला बोल कार्यक्रम के तहत युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आक्रोश रैली निकालकर अपनी नाराजगी जताई और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की.

आईआईटी-आईएसएम के मुख्य द्वार के समीप से शुरू हुई यह रैली पुलिस केंद्र होते हुए रणधीर वर्मा चौक स्थित धरना स्थल तक पहुंची. हाथों में तख्तियां और बैनर लिए कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और युवाओं से जुड़े मुद्दों पर जवाब मांगा

युवा कांग्रेस नेताओं ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में बार-बार हो रहे पेपर लीक ने लाखों अभ्यर्थियों की मेहनत और उम्मीदों पर पानी फेर दिया है. इससे न केवल परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता प्रभावित हुई है, बल्कि युवाओं में निराशा और असंतोष भी बढ़ा है. नेताओं का आरोप था कि सरकार युवाओं को रोजगार और पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था देने में असफल साबित हुई है.

कार्यक्रम में युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब के शामिल होने की संभावना थी, लेकिन अपरिहार्य कारणों से वे धनबाद नहीं पहुंच सके. इसके बावजूद कार्यकर्ताओं ने पूरे जोश के साथ प्रदर्शन किया और केंद्र सरकार के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया.

युवा कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि पेपर लीक की घटनाओं पर प्रभावी रोक नहीं लगाई गई और युवाओं की समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा.

Read more

Local News