रांची: झारखंड में राज्यसभा की दो सीटों के लिए होने वाले चुनाव को लेकर महागठबंधन की सभी पार्टियों की पहली संयुक्त बैठक मुख्यमंत्री आवास पर डिनर डिप्लोमेसी के जरिए हुई. बैठक में झारखंड मुक्ति मोर्चा, कांग्रेस, राजद और सीपीआई (माले) के शीर्ष नेता और विधायक शामिल हुए.
बैठक समाप्त होने के बाद चारों दलों के नेताओं ने अपनी एकजुटता का संदेश देते हुए मुख्यमंत्री आवास से साथ-साथ बाहर निकलकर मीडिया को संबोधित किया. इस दौरान कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव, राजद कोटे से मंत्री संजय प्रसाद यादव, झामुमो केंद्रीय महासचिव विनोद पांडेय और सीपीआई माले के चंद्रदेव प्रसाद ने मीडिया से बात की.
‘कोई दरार नहीं, हम सब एकजुट हैं’
नेताओं ने साफ कहा कि महागठबंधन में कोई दरार या खाई नहीं है. सभी दल पूर्ण रूप से एकजुट हैं और चुनाव एक साथ लड़ेंगे. उन्होंने आश्वासन दिया कि कल (सोमवार) सुबह 11 बजे महागठबंधन के सभी विधायक अपने दोनों प्रत्याशियों के साथ विधानसभा पहुंचेंगे और नामांकन पत्र दाखिल करेंगे.
नाथवानी उम्मीदवारी पर चुप्पी
कारोबारी और पूर्व राज्यसभा सांसद परिमल नाथवानी के उम्मीदवार होने के सवाल पर झामुमो नेताओं ने कोई प्रतिक्रिया देने से इनकार कर दिया. उन्होंने कहा, “यह उनका या भाजपा का मामला है, इस पर हम लोग कोई टिप्पणी नहीं करना चाहते.”
बीती रात मुख्यमंत्री से परिमल नाथवानी की मुलाकात को लेकर उठे सवालों पर झामुमो नेताओं ने स्थिति स्पष्ट की. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री इस राज्य के मुख्यमंत्री हैं और उनसे मुलाकात कोई भी कर सकता है. इसे कोई और मायने नहीं निकालना चाहिए.


