Thursday, June 4, 2026

15वीं मॉडर्न पेंटाथलॉन नेशनल चैंपियनशिप 2026 में झारखंड की बेटियों ने शानदार प्रदर्शन किया है.

Share

रांचीः गुजरात के अहमदाबाद में 1 से 3 जून तक आयोजित 15वीं मॉडर्न पेंटाथलॉन नेशनल चैंपियनशिप 2026 (बाइथल/ट्राईथल) में झारखंड स्टेट स्पोर्ट्स प्रमोशन सोसाइटी (JSSPS) के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राज्य का गौरव बढ़ाया है. प्रतियोगिता में JSSPS स्विमिंग सेंटर, होटवार की दो खिलाड़ियों ने पदक जीतकर राष्ट्रीय स्तर पर झारखंड की मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है.

बाइथल इवेंट में आरती कच्छप और आतासी ने किया शानदार प्रदर्शन

Pentathlon National Championship

चैंपियनशिप के बाइथल इवेंट में आरती कच्छप ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए रजत पदक अपने नाम किया. वहीं आतासी कुमार ने भी दमदार खेल का प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक जीतकर झारखंड को एक और सफलता दिलाई. दोनों खिलाड़ियों ने कठिन प्रतिस्पर्धा और मौसम की चुनौती के बीच अपनी प्रतिभा और दृढ़ता का परिचय दिया.

बता दें कि बाइथल एक चुनौतीपूर्ण खेल है, जिसमें खिलाड़ियों को दौड़ और तैराकी दोनों स्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करना होता है. इस प्रतियोगिता में शारीरिक क्षमता, सहनशक्ति और तकनीकी कौशल की कड़ी परीक्षा होती है. ऐसे कठिन इवेंट में JSSPS की खिलाड़ियों द्वारा पदक जीतना उनकी मेहनत और संस्थान में मिल रही उच्चस्तरीय प्रशिक्षण व्यवस्था को दर्शाता है.

JSSPS के स्विमिंग प्रशिक्षक ने जताया हर्ष

JSSPS के स्विमिंग प्रशिक्षक उमेश कुमार पासवान ने खिलाड़ियों की उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि आरती और आतासी ने बेहद कठिन परिस्थितियों में शानदार प्रदर्शन किया है. उन्होंने कहा कि अहमदाबाद की गर्मी और कड़ी प्रतिस्पर्धा के बावजूद दोनों खिलाड़ियों ने अपना सर्वश्रेष्ठ दिया. यह सफलता खिलाड़ियों की लगन, अनुशासन और नियमित अभ्यास का परिणाम है.

खिलाड़ियों की दी गई शुभकामनाएं

JSSPS के अधिकारियों ने भी दोनों खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि संस्थान का उद्देश्य झारखंड के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाना है. लगातार मिल रही सफलताएं इस दिशा में किए जा रहे प्रयासों की पुष्टि करती हैं. अधिकारियों ने विश्वास जताया कि आने वाले समय में ये खिलाड़ी और बड़ी उपलब्धियां हासिल करेंगी.

इस तरह की उपलब्धियां राज्य के अन्य युवा खिलाड़ियों को भी प्रेरित करती हैं. विशेष रूप से ग्रामीण और दूर-दराज क्षेत्रों से आने वाली प्रतिभाओं के लिए यह सफलता एक सकारात्मक संदेश है कि समर्पण और उचित मार्गदर्शन से राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई जा सकती है.

Pentathlon National Championship

15वीं मॉडर्न पेंटाथलॉन नेशनल चैंपियनशिप में पदक विजेता खिलाड़ी. (फोटो-सौ. जेएसएसपीएस)

शुक्रवार को रांची लौटेंगी दोनों पदक विजेता

दोनों पदक विजेता खिलाड़ी शुक्रवार को अहमदाबाद से रांची लौटेंगी. उनके स्वागत की तैयारी JSSPS परिसर में की जा रही है. खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से संस्थान में उत्साह का माहौल है और खेल प्रेमियों ने भी उन्हें शुभकामनाएं दी हैं.

Read more

Local News