दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधु को लगातार दूसरे सप्ताह विश्व की नंबर एक खिलाड़ी आन से यंग से हार का सामना करना पड़ा, जिससे वह गुरुवार को इंडोनेशिया ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट से बाहर हो गईं.
सिंधू पिछले सप्ताह सिंगापुर ओपन के क्वार्टर फाइनल में भी इसी दक्षिण कोरियाई खिलाड़ी ‘आन से यंग’ से हार गई थीं. सिंधू को राउंड ऑफ 16 के मुकाबले में 17-21, 14-21 से हार का सामना करना पड़ा. इस हार से सिंधु की ओलंपिक चैंपियन के खिलाफ हार का सिलसिला 10 मैच तक बढ़ गया. भारतीय खिलाड़ी अभी तक आन के खिलाफ एक भी जीत दर्ज नहीं कर पाई है.
पहले गेम के शुरू में दोनों खिलाड़ियों ने एक दूसरे के सामने कड़ी चुनौती पेश की. एक समय स्कोर 10-10 पर बराबर था. इस दौरान सिंधू ने अपने सर्वश्रेष्ठ फॉर्म की झलक दिखाई और कोरियाई खिलाड़ी पर दबाव बनाने में कामयाब रहीं. सिंधू अपने आक्रामक स्ट्रोकप्ले के दम पर 15-14 से आगे निकल गई, लेकिन आन ने अपने खास अंदाज में जवाब देते हुए लगातार अंक हासिल किए और 19-16 की बढ़त बना ली. इसके बाद कोरियाई खिलाड़ी ने लगातार दो अंक जीते और पहला गेम 21-17 से अपने नाम कर लिया.
इसके बाद दूसरे गेम में आन ने आक्रामक शुरुआत की और 13-6 की बढ़त हासिल कर ली. भारतीय खिलाड़ी ने इसके बावजूद प्रत्येक अंक के लिए संघर्ष जारी रखा. उन्होंने इस बीच कुछ महत्वपूर्ण अंक भी हासिल किये, लेकिन आन का कोर्ट कवरेज अच्छा था और उन्हें मैच जीत कर क्वार्टर फाइनल में पहुंचने में किसी तरह की परेशानी नहीं हुई.
आयुष शेट्टी भी हारे, भारत की उम्मीदें खत्म
सिंधू के बाद आयुष शेट्टी भी राउंड ऑफ 16 में ली चिउक यियू से 21-16, 13-21, 14-21 से हारकर टूर्नामेंट से बाहर हो गए. इसके साथ इंडोनेशिया ओपन में भारत की आखिरी उम्मीद भी खत्म हो गई. क्योंकि लक्ष्य सेन और एच.एस. प्रणॉय पहले ही दौर में बाहर हो गए, जबकि सात्विक को चोट लगने के कारण सात्विक-चिराग की जोड़ी को टूर्नामेंट से हटना पड़ा था.



