Wednesday, June 10, 2026

मई 2026 में कार निर्माता कंपनियों ने बिक्री में बढ़त हासिल की है, इसमें Maruti Suzuki ने पहला स्थान हासिल किया है.

Share

भारत में पैसेंजर गाड़ी मार्केट ने मई 2026 में भी अपनी ग्रोथ जारी रखी है. इसमें स्वदेशी कार निर्माता कंपनी Maruti Suzuki ने सेल्स चार्ट में टॉप का स्थान बनाए रखा है. इसके अलावा, Tata Motors, Mahindra से आगे दूसरे स्थान पर बनी हुई है, जबकि Hyundai और Toyota ने भी अपने स्थान को पहले की तरह ही काबिज रखा है. यहां हम आपको मई 2026 की टॉप-5 कार कंपनियों के बारे में बता रहे हैं, जिनकी बिक्री सबसे ज्यादा रही.

1. Maruti Suzuki
(बिक्री: 1,90,337 यूनिट्स, 40 प्रतिशत की बढ़त)

स्वदेशी कार निर्माता कंपनी Maruti Suzuki ने मई 2026 में 1,90,337 यूनिट्स की घरेलू पैसेंजर कारों की बिक्री दर्ज की है. इस बिक्री में SUVs की बिक्री 79,267 यूनिट्स की रही, जबकि Maruti Alto K10, Wagon R और Maruti S-Presso जैसी छोटी कारों की बिक्री 81,555 यूनिट्स दर्ज की गई है. कार बनाने वाली कंपनी ने यह भी पुष्टि की है कि वह 5 जून को भारत की पहली फ्लेक्स-फ्यूल पैसेंजर कार लॉन्च करेगी.

इसके अलावा, Maruti Suzuki ने बढ़ती इनपुट कॉस्ट और ऑपरेशनल खर्चों का हवाला देते हुए, जून 2026 से कुछ खास मॉडलों की कीमतों में 30,000 रुपये तक की बढ़ोतरी की घोषणा की.

2. Tata Motors
(बिक्री: 59,090 यूनिट्स, 42.2 प्रतिशत की बढ़त)

स्वदेशी कार निर्माता कंपनी Tata Motors ने मई 2026 में 59,090 यूनिट्स की घरेलू पैसेंजर कार्स की बिक्री दर्ज की है, जो पिछले साल के मुकाबले 42.2 प्रतिशत ज़्यादा है. कंपनी ने मंथली रैंकिंग में Mahindra से आगे अपना दूसरा स्थान काबिज रखा है, हालांकि दोनों के बीच का अंतर सिर्फ़ 1,000 यूनिट्स से थोड़ा ज़्यादा ही रहा.

Tata Motors ने कहा कि मई 2026 के दौरान Vahan रजिस्ट्रेशन में YoY 50 प्रतिशत से ज़्यादा की बढ़ोतरी देखी गई है, जबकि EV की बिक्री पहली बार 10,000 यूनिट्स के आंकड़े को पार कर गई. बता दें कि कंपनी ने हाल ही में अपडेटेड Tata Tiago और Tiago EV को लॉन्च किया है, जिससे इसकी एंट्री-लेवल हैचबैक रेंज में डिज़ाइन, फ़ीचर और सेफ़्टी में बड़े अपग्रेड आए हैं.

3. Mahindra
(बिक्री: 58,021 यूनिट्स, 10.7 प्रतिशत की बढ़त)

Mahindra की बात करें तो मई 2026 में कंपनी ने 58,021 यूनिट्स की घरेलू SUV बिक्री दर्ज की, जो पिछले साल इसी महीने की तुलना में 10.7 प्रतिशत ज़्यादा है. हालांकि कंपनी दूसरे स्थान की दौड़ में Tata Motors के ठीक पीछे रही.

कंपनी ने कहा कि उसके SUV पोर्टफोलियो में मांग मज़बूत बनी हुई है, हालांकि कुछ सप्लायर्स पर असर डालने वाली सप्लाई-चेन चुनौतियों के कारण वॉल्यूम में थोड़ी कमी आई है. Mahindra Scorpio, Thar, XUV 3XO और नई Mahindra XUV 7XO SUV जैसे मॉडल कंपनी की बढ़त में मदद कर रहे हैं.

4. Hyundai
(बिक्री: 47,837 यूनिट्स, 9.1 प्रतिशत की बढ़त)

मई 2026 में Hyundai की घरेलू बिक्री साल-दर-साल 9.1 प्रतिशत बढ़ी है और कंपनी ने कुल 47,837 यूनिट्स बेचे. कंपनी ने बताया कि वित्त वर्ष 2027 के पहले दो महीनों में कंपनी की घरेलू बिक्री 99,739 यूनिट तक पहुंच गई, जो पिछले साल की इसी अवधि से 13 प्रतिशत ज़्यादा है.

Hyundai ने बढ़ती इनपुट लागत का हवाला देते हुए जून 2026 से कुछ चुनिंदा मॉडलों की कीमतों में बढ़ोतरी की भी घोषणा की है. कंपनी के वॉल्यूम में Hyundai Creta, Venue और Exter का दबदबा बना हुआ है, और इसके साथ ही Grand i10 Nios और i20 जैसी हैचबैक की भी मांग लगातार बनी हुई है.

5. Toyota Kirloskar Motor
(बिक्री: 30,574 यूनिट्स, 4.4 प्रतिशत की बढ़त)

Toyota Motor ने मई 2026 में 30,574 कारों की बिक्री दर्ज की. बीते माह के दौरान, कंपनी ने भारत में कुल 3,00,000 स्ट्रॉन्ग-हाइब्रिड गाड़ियों की बिक्री का आंकड़ा पार किया.

यह बाजार में हाइब्रिड मॉडल्स को अपनाए जाने की बढ़ती मांग को दिखाता है. Toyota की बिक्री में Toyota Innova Hycross, Urban Cruiser Hyryder और Glanza जैसे मॉडलों की मजबूत मांग से सपोर्ट मिल रहा है.

Read more

Local News