बोकारोः राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग भारत सरकार की सदस्य डॉक्टर आशा लकड़ा एक दिवसीय दौरे पर बोकारो पहुंचीं. उन्होंने बोकारो सर्किट हाउस में धनबाद और बोकारो जिला से संबंधित आयोग में प्राप्त 20 शिकायतों की सुनवाई की. इस दौरान जिले के सभी वरीय पदाधिकारी बोकारो डीसी अजय नाथ झा एवं एसपी नाथू सिंह मीणा उपस्थित रहे.
भूमि अधिग्रहण करने के बाद मुआवजा नहीं दिया था
डॉक्टर आशा लकड़ा ने इस दौरान धनबाद बीसीसीएल के द्वारा जमीन का मुआवजा नहीं दिए जाने के मामले का निपटारा किया और एक महिला को जमीन के एवज में मुआवजा देने का निर्देश भी दिया है. बीसीसीएल प्रबंधन ने उक्त महिला के परिजनों की जमीन का अधिग्रहण किया था और खनन करने के बाद भी मुआवजा नहीं दिया था.
शिकायतों के निवारण के प्रति गंभीरता दिखाते हुए, आयोग की सदस्य डॉ. लकड़ा ने संबंधित अधिकारी को निर्देश दिया कि वे इस मामले को प्राथमिकता के आधार पर हल करें.
सुनवाई के बाद मुआवजा और नौकरी दी गई
वहीं विनोद बिहारी महतो कोयलांचल यूनिवर्सिटी के प्रोफेसर रेमंड केरकेट्टा जिनका निधन कोरोना के दौरान हो गया था, उनकी पेंशन सहित अन्य राशि और परिजनों को नियोजन नहीं दिया गया था जिसको लेकर सुनवाई हुई और परिजनों को राशि देते हुए नौकरी भी दी गई.


