Sunday, June 14, 2026

भारत और न्यूजीलैंड इस साल के आखिर में 40 दिनों में 12 मैचों की मल्टी-फॉर्मेट सीरीज खेलने वाले हैं.

Share

न्यूजीलैंड क्रिकेट बोर्ड ने अपने इंटरनेशनल घरेलू सीजन की घोषणा कर दी है. जिसमें इस साल के आखिर में 22 अक्टूबर से 1 दिसंबर तक भारत का ब्लॉकबस्टर तीन-फॉर्मेट का दौरा भी शामिल है. इस दौरान 40 दिनों में 12 मैच खेले जाएंगे. जिसमें 5 टी20, 5 वनडे और 2 टेस्ट मैच शामिल हैं. यह न्यूजीलैंड क्रिकेट इतिहास में अब तक की सबसे बड़ी पुरुषों की द्विपक्षीय इंटरनेशनल क्रिकेट सीरीज होगी. क्योंकि न्यूजीलैंड और भारत के बीच खेल संबंधों के 100 साल पूरे हो रहे हैं.

कब शुरू होगी सीरीज?
यह 40 दिनों का दौरा 22 अक्टूबर से शुरू होगी, जो वेस्टइंडीज के खिलाफ भारत की घरेलू सीरीज (जिसमें पांच T20I मैच शामिल हैं) के ठीक बाद होगी. सीरीज का समापन 1 दिसंबर को टेस्ट मैच के साथ होगा. ये दो मैचों की टेस्ट सीरीज दोनों टीमों के लिए ICC वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में क्वालीफाई करने के लिहाज से भी बहुत अहम होगी.

5 टी20 मैच
इस सीरीज का आगाज टी20 मैच से होगा. जो 22 अक्टूबर से 1 नवंबर तक न्यूजीलैंड के अलग-अलग जगहों पर खेली जाएगी.

5 वनडे मैच
इसके बाद भारतीय टीम 4 से 15 नवंबर तक 5 वनडे मैच खेलेगी.

2 टेस्ट मैच
वनडे और टी20 सीरीज के बाद दोनों टीमें दो टेस्ट मैच भी खेलेगी. पहला टेस्ट 19 से 23 नवंबर के बीच वेलिंगटन में खेला जाएगा, जबकि दूसरा टेस्ट 27 नवंबर से 1 दिसंबर 2026 तक क्राइस्टचर्च में खेला जाएगा.

6 साल बाद होगा टेस्ट
ये भी उल्लेखनीय है कि भारत 6 साल बाद न्यूजीलैंड में कोई टेस्ट में खेलेगा. क्योंकि टीम इंडिया ने आखिरी बार 2019 में यहां पर अपना कोई टेस्ट मैच खेला था. इसके अलावा 2022 के बाद यह इस देश में भारत के खिलाफ पहली व्हाइट-बॉल सीरीज होगी.

2026 में 17 वनडे मैच
भारतीय क्रिकेट टीम 2027 के वनडे वर्ल्ड कप की तैयारी कर रही है, और इस बड़े टूर्नामेंट की तैयारियों के दौरान टीम का मुख्य फोकस वनडे द्विपक्षीय सीरीज पर ही रहेगा. इसीलिए भारत 2026 के कैलेंडर वर्ष के अंत तक 17 वनडे मैच खेलने वाली है. जिसकी शुरुआत अफगानिस्तान के खिलाफ घरेलू 3 मैचों की वनडे सीरीज के साथ होगी. इसके बाद भारतीय टीम इंग्लैंड, वेस्टइंडीज और श्रीलंका के साथ तीन तीन मैचों की वनडे सीरीज खेलेगी.

भारत के न्यूजीलैंड दौरे का पूरा शेड्यूल

टी20 सीरीज के शेड्यूल
पहला T20I – 22 अक्टूबर, क्राइस्टचर्च
दूसरा T20I – 24 अक्टूबर, क्राइस्टचर्च
तीसरा T20I – 27 अक्टूबर, वेलिंगटन
चौथा T20I – 30 अक्टूबर, ऑकलैंड
पांचवां T20I – 1 नवंबर, हैमिल्टन

वनडे सीरीज का शेड्यूल
पहला ODI – 4 नवंबर, ऑकलैंड
दूसरा ODI – 7 नवंबर, वेलिंगटन
तीसरा ODI – 10 नवंबर, हैमिल्टन
चौथा ODI – 13 नवंबर, माउंट माउंगानुई
पांचवां ODI – 15 नवंबर, माउंट माउंगानुई

टेस्ट सीरीज का शेड्यूल
पहला टेस्ट – 19-23 नवंबर, वेलिंगटन
दूसरा टेस्ट – 27 नवंबर-1 दिसंबर 2026, क्राइस्टचर्च

Read more

Local News