Wednesday, June 3, 2026

पहली बार आयोजित हो रहे झारखंड विमेंस टी20 टूर्नामेंट का आगाज बुधवार को जेएससीए स्टेडियम परिसर स्थित ओवल ग्राउंड में हुआ.

Share

रांची: झारखंड में महिला क्रिकेट को नई पहचान और बेहतर मंच देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए झारखंड विमेंस प्रीमियर लीग 2026 का शुभारंभ रांची स्थित जेएससीए स्टेडियम के ओवल ग्राउंड में हुआ. झारखंड राज्य क्रिकेट संघ (जेएससीए) की इस महत्वाकांक्षी पहल का उद्देश्य राज्य की उभरती महिला क्रिकेटरों को प्रतिस्पर्धी माहौल उपलब्ध कराना और उन्हें राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का अवसर देना है.

महिला क्रिकेट को प्रोत्साहित करना संघ की प्राथमिकता

टूर्नामेंट का उद्घाटन जेएससीए के अध्यक्ष अजय नाथ शहदेव, उपाध्यक्ष संजय पांडेय, सचिव सौरभ तिवारी और संयुक्त सचिव शाहबाज नदीम ने संयुक्त रूप से किया. इस अवसर पर पदाधिकारियों ने चारों टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और उन्हें प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं. अपने संबोधन में जेएससीए सचिव सौरभ तिवारी ने कहा कि महिला क्रिकेट को प्रोत्साहित करना संघ की प्राथमिकताओं में शामिल है.

वूमेंस क्रिकेटरों के लिए नए अवसर

उन्होंने कहा कि लंबे समय से महिला खिलाड़ियों के लिए एक अलग और मजबूत मंच की आवश्यकता महसूस की जा रही थी, जिसे अब झारखंड विमेंस प्रीमियर लीग के माध्यम से पूरा किया गया है. उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले वर्षों में यह प्रतियोगिता और अधिक व्यापक स्वरूप में आयोजित होगी तथा राज्य की महिला क्रिकेटरों के लिए नए अवसरों के द्वार खोलेगी.

खिलाड़ियों के मनोबल को बढ़ाने के लिए हरसंभव प्रयास

सौरभ तिवारी ने यह भी घोषणा की है कि इस बार टीमों का ऑक्शन नहीं कराया गया है लेकिन सभी खिलाड़ियों को जेएससीए की ओर से सम्मानजनक आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी. उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों के मनोबल और खेल के विकास के लिए संघ हर संभव सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है.

विजेता टीम को 3 लाख और उप विजेता टीम को 2 लाख रुपये की नगद पुरस्कार राशि

वहीं जेएससीए अध्यक्ष अजय नाथ शहदेव ने महिला क्रिकेट को बढ़ावा देने के लिए इस लीग को महत्वपूर्ण पहल बताते हुए पुरस्कार राशि की घोषणा की. उन्होंने कहा कि टूर्नामेंट की विजेता टीम को 3 लाख रुपये और उपविजेता टीम को 2 लाख रुपये की नकद पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी. इसके अलावा प्रत्येक मैच में प्लेयर ऑफ द मैच, बेस्ट इकॉनमी बॉलर तथा सर्वाधिक छक्के लगाने वाली खिलाड़ी को भी नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा.

चार टीमों में प्रतिभावान खिलाड़ी का चयन

इस लीग में चोटानागपुर ब्लास्टर्स, कोल्हान डायनामोज, पलामू वॉरियर्स और संताल चैलेंजर्स की टीमें हिस्सा ले रही हैं. चारों टीमों में राज्य की प्रतिभाशाली महिला खिलाड़ियों को शामिल किया गया है. चोटानागपुर ब्लास्टर्स की कप्तानी शशि माथुर, कोल्हान डायनामोज की आनंदिता किशोर, पलामू वॉरियर्स की अश्वनी कुमारी और संताल चैलेंजर्स की कुमारी मेघा कर रही हैं.

महिला क्रिकेटरों को मिलेगी राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने में मदद

खेल प्रेमियों ने भी इस पहल का स्वागत किया है. उनका मानना है कि महिला क्रिकेट को लंबे समय से ऐसे मंच का इंतजार था. झारखंड विमेंस प्रीमियर लीग राज्य की प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के लिए बड़ा अवसर साबित होगी. इससे न सिर्फ खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धी माहौल मिलेगा बल्कि ग्रामीण और दूरदराज क्षेत्रों की बेटियों को भी क्रिकेट में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी. खेल प्रेमियों का कहना है कि यह लीग आने वाले वर्षों में झारखंड की कई महिला क्रिकेटरों को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी.

कार्यक्रम में जेएससीए के कोषाध्यक्ष अमिताभा घोष, पूर्व अध्यक्ष संजय सहाय, पूर्व उपाध्यक्ष डॉ. नरेंद्र सिन्हा, पूर्व संयुक्त सचिव पीएन सिंह, कार्यकारिणी सदस्य मिहिर प्रतीश टोपनो, संजय जैन, रमेश कुमार, धनबाद जिला क्रिकेट संघ के अध्यक्ष मनोज कुमार, रांची जिला क्रिकेट संघ के सचिव शैलेंद्र कुमार, खूंटी जिला क्रिकेट संघ के सचिव अवधेश कश्यप सहित जेएससीए के कई आजीवन सदस्य उपस्थित थे.

मजबूत होगी महिला क्रिकेट की नींव

महिला क्रिकेट को नई दिशा देने की यह पहल राज्य की बेटियों के लिए बड़े सपनों और नए अवसरों का मंच बन सकती है. क्रिकेट विशेषज्ञों का मानना है कि इस लीग से झारखंड में महिला क्रिकेट की नींव और मजबूत होगी और भविष्य में राज्य को कई नई प्रतिभाएं मिलेगी.

Read more

Local News