Android और iPhone यूजर्स के बीच फाइल शेयरिंग करने की समस्या पिछले कई सालों से बनी हुई है. हमेशा यूज़र्स के लिए इन दोनों ऑपरेटिंग सिस्टम के डिवाइसों के बीच में फाइल शेयर करना काफी चुनौती भरा काम रहा है. दोनों अलग-अलग इकोसिस्टम पर काम करते हैं, जिसके कारण फोटो, वीडियो और दस्तावेज़ भेजने के लिए अक्सर थर्ड-पार्टी ऐप्स या क्लाउड सर्विसेज़ का सहारा लेना पड़ा था.
अब शाओमी ने इस समस्या को काफी हद तक कम करने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया है. कंपनी ने कंफर्म किया है कि उसके Quick Share फीचर में AirDrop सपोर्ट जोड़ा जा रहा है, जिससे Xiaomi और Apple डिवाइस के बीच फाइल ट्रांसफर पहले की तुलना में अधिक आसान हो जाएगा.
Xiaomi HyperOS की ओर से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर शेयर की गई जानकारी के अनुसार, AirDrop सपोर्ट के जरिए यूजर्स अब फोटो, फाइल और अन्य दस्तावेज़ सीधे Apple डिवाइस पर भेज सकेंगे. इसका मतलब है कि शाओमी स्मार्टफोन से iPhone, iPad और MacBook पर कंटेंट शेयर करना पहले से कहीं अधिक सुविधाजनक हो जाएगा. यह सुविधा उन लोगों के लिए खास तौर पर उपयोगी साबित हो सकती है जो Android और iOS दोनों इकोसिस्टम का इस्तेमाल करते हैं.
किन-किन शाओमी फोन्स में मिलेगा फीचर
फिलहाल, यह फीचर Xiaomi 17T Pro जैसे नए और प्रीमियम स्मार्टफोन में देखने को मिला है. यह Android 16 पर बेस्ड HyperOS 3 पर काम करता है. ऐसे में उम्मीद की जा रही है कि आने वाले समय में शाओमी अपने अन्य फ्लैगशिप स्मार्टफोन्स में भी इस सुविधा को उपलब्ध करा सकती है. रिपोर्ट्स के अनुसार Xiaomi 17, Xiaomi 17T Ultra और Xiaomi 17T जैसे मॉडल भी भविष्य में इस फीचर को प्राप्त कर सकते हैं.
Xiaomi 17T को भारत में 4 जून को लॉन्च किया जाएगा. ऐसे में कई यूज़र्स यह जानने के लिए काफी उत्सुक हैं कि क्या यह स्मार्टफोन AirDrop सपोर्ट के साथ आएगा या फिर इसे बाद में सॉफ्टवेयर अपडेट के जरिए उपलब्ध कराया जाएगा. फिलहाल, कंपनी की ओर से इस बारे में कोई विस्तृत जानकारी नहीं दी गई है.
दिलचस्प बात यह है कि शाओमी इस दिशा में कदम बढ़ाने वाली पहली कंपनी नहीं है. इससे पहले Google ने Pixel 10 सीरीज में AirDrop सपोर्ट उपलब्ध कराकर Android और iOS के बीच मौजूद सीमाओं को कम करने की कोशिश की थी. इसके बाद सैमसंग और ओप्पो ने भी अपने कई प्रमुख स्मार्टफोन्स में इसी तरह की सुविधा पेश की. अब शाओमी के शामिल होने से यह टेक्नोलॉजी और भी ज्यादा यूज़र्स तक पहुंच सकती है.


