Tuesday, June 2, 2026

देवघर एम्स में ब्लड बैंक खुल गया, इसका उद्घाटन सांसद निशिकांत और एम्स के कार्यकारी निदेशक ने किया.

Share

देवघर: जिले के देवीपुर प्रखंड स्थित एम्स लगातार अपनी स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार कर रहा है. इसी कड़ी में मंगलवार को एम्स परिसर में अत्याधुनिक ब्लड बैंक का उद्घाटन किया गया. उद्घाटन समारोह में सांसद निशिकांत दुबे और एम्स के कार्यकारी निदेशक डॉ. नितिन गंगाने मौजूद रहे.

देवघर एम्स में ब्लड बैंक की शुरुआत होने के साथ ही अब क्षेत्र के मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी. अब इमरजेंसी में आने वाले मरीजों को रक्त के लिए बाहर भटकना नहीं पड़ेगा. साथ ही ब्लड बैंक में रक्त के विभिन्न घटकों जैसे प्लाज्मा, प्लेटलेट्स और रेड ब्लड सेल्स (आरबीसी) को अलग कर जरूरतमंद मरीजों को उपलब्ध कराया जा सकेगा.

ब्लड बैंक खुलने से मरीजों को होगी सुविधाः निदेशक

इस अवसर पर देवघर एम्स के निदेशक डॉ. नितिन ने कहा कि देवघर एम्स सिर्फ संथाल परगना ही नहीं, बल्कि आसपास के कई जिलों के गरीब और जरूरतमंद मरीजों के लिए उम्मीद का केंद्र बन चुका है. उन्होंने कहा कि अब तक एम्स में ब्लड बैंक नहीं होने के कारण मरीजों के उपचार में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था, लेकिन अब यह सुविधा शुरू होने से मरीजों को रक्त संबंधी उपचार के लिए अस्पताल से बाहर जाने की आवश्यकता नहीं होगी.

लगातार विकसित हो रहा देवघर एम्सः सांसद

वहीं इस मौके पर सांसद निशिकांत दुबे ने कहा कि एम्स देवघर लगातार विकसित हो रहा है और धीरे-धीरे अपने पूर्ण स्वरूप में आ रहा है. उन्होंने इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इसका श्रेय देते हुए कहा कि ब्लड बैंक की शुरुआत से मरीजों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और चिकित्सकों को भी उपचार के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध होंगे.

उन्होंने कहा कि एम्स देश का एक प्रतिष्ठित चिकित्सा संस्थान है, जहां उच्च गुणवत्ता के इलाज की व्यवस्था है. देवघर एम्स में ब्लड बैंक की सुविधा शुरू होने से चिकित्सकों को गंभीर मरीजों का उपचार और अधिक प्रभावी ढंग से करने में मदद मिलेगी. वही इस मौके पर कुछ लोगों ने रक्तदान भी किया.

Blood Bank at AIIMS Deoghar

देवघर एम्स में सांसद निशिकांत दुबे, कार्यकारी निदेशक डॉ. नितिन गंगाने व अन्य. (फोटो-ईटीवी भारत)

गौरतलब है कि देवघर एम्स में ब्लड बैंक की सुविधा नहीं होने के कारण कई बार दुर्घटना और अन्य आपातकालीन मामलों में मरीजों के उपचार में परेशानी आती थी. अब एम्स में ब्लड बैंक खुल जाने से गंभीर रूप से घायल और इमरजेंसी में आए मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराकर उनका त्वरित इलाज संभव हो सकेगा.

Read more

Local News