Saturday, June 13, 2026

रांची में पेपर लीक के विरोध में झारखंड युवा कांग्रेस ने लोकभवन के सामने प्रदर्शन किया.

Share

रांची: देशभर में नीट और CBSE की परीक्षाओं में पेपर लीक का विरोध हो रहा है. इसी कड़ी में युवा कांग्रेस के नेता गौरव सिंह के नेतृत्व में रांची लोकभवन के सामने प्रदर्शन किया गया. घेराव और प्रदर्शन के दौरान पुलिस प्रशासन ने लोकभवन के आसपास बेरीकेडिंग की थी, जिसे ध्वस्त करके युवा कांग्रेस के कई कार्यकर्ता लोकभवन की गेट तक पहुंच गए.

छात्रों के परिजनों पर क्या बीती होगी?

विरोध कर रहे युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को वहां से हटाने के लिए पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी. ऐसे में पुलिस और छात्रों के बीच धक्कामुक्की की स्थिति बन गई. मौके पर सदर एसडीओ के पहुंचने के बाद छात्रों को लोकभवन के मुख्य द्वार से धरना स्थल पर भेजा गया. इस मौके पर गौरव सिंह ने आरोप लगाते हुए कहा कि देश के 20 लाख से ज्यादा छात्र, जिस परीक्षा में शामिल हुए थे. कितनी मुश्किल और मेहनत के साथ परीक्षा दी होगी.

केंद्र सरकार ने फेरा छात्रों की मेहनत पर पानी

उनके परिवार के सदस्यों पर क्या गुजरी होगी? कई सालों की मेहनत पर चंद सेकेंड में मोदी सरकार ने पानी फेरने का काम किया है. उन्होंने कहा कि गरीब और मेहनती छात्रों की मेहनत को पेपर माफिया बर्बाद कर रहे हैं. युवाओं के प्रेरणास्रोत बनकर वे छात्रों के हक की लड़ाई आखिरी सांस तक लड़ेंगे.

युवा कांग्रेस ने रखी ये मांग

  • NEET-UG 2026 और CBSE बोर्ड परीक्षा में पेपर लीक की जांच की मांग. साथ ही NTA पर प्रतिबंध के साथ केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफा की मांग.
  • दोषियों पर सख्त कार्रवाई करके परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता की मांग.
  • छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ बंद हो, दोबारा परीक्षा कराने की मांग

केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग

लोकभवन के सामने युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की. इस दौरान युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की. लोकभवन के समक्ष प्रदर्शन कर रहे युवा कांग्रेस के प्रदेश महासचिव शादाब खान कहते हैं कि नीट पेपर लीक मामले में कई छात्र जान दे चुके हैं. आखिर इसके लिए जिम्मेदार कौन है?

छात्रों को किया जा रहा है जानबूझकर परेशान: शिल्पी कुमारी

वहीं युवा कांग्रेस की प्रदेश उपाध्यक्ष शिल्पी कुमारी कहती हैं कि बार-बार नीट परीक्षा का पेपर लीक होने से मेधावी छात्रों को जानबूझकर परेशान किया जा रहा है, ऐसे में केन्द्रीय शिक्षा मंत्री को इस्तीफा देना चाहिए. इधर, छात्रों के लोकभवन गेट तक पहुंचने से प्रशासनिक पदाधिकारी बेहद ही परेशान दिखे.

बेरिकेडिंग लगाई गई थी लेकिन छात्र उसे तोड़कर लोकभवन की गेट तक पहुंच गए थे, जहां से उन्हें हटाया गया. पुलिस को भी शो-कॉज किया जा सकता है और यूथ कांग्रेस के लोगों पर भी कार्रवाई हो सकती है: कुमार रजत, सदर एसडीओ

Read more

Local News