Sunday, June 14, 2026

फ्रेंच ओपन 2026 की महिला रेफरी पर कमेंट्स करने के कारण खिलाड़ी पर 61 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया.

Share

पैराग्वे के टेनिस खिलाड़ी एडोल्फो डेनियल वैलेजो पर फ्रेंच ओपन के आयोजकों ने $65,000 (61.8 लाख रुपये) का जुर्माना लगाया है. जो टूर्नामेंट के इतिहास के सबसे महंगे जुर्माने में से एक है. यह जुर्माना फ्रेंच ओपन 2026 में दूसरे राउंड में हार के बाद एक महिला अंपायर के बारे में उनके अस्वीकार्य कमेंट्स के लिए लगाया गया है.

वैलेजो ने क्या कहा था?
दरअसल 22 वर्षीय खिलाड़ी वैलेजो को टूर्नामेंट के दूसरे राउंड में लोकल ब्वॉय मोइज कौमे से दो सेट जीतने के बाद भी पांच सेट में हार का सामना करना पड़ा. मैच हारने के बाद वैलेजो ने क्ले नामी मैगजीन को दिए एक इंटरव्यू में ब्राजील की चेयर अंपायर एना कारवाल्हो पर लिंग-भेद के कमेंट कर दिए. जिस पर उनकी कड़ी आलोचना भी की गई.

वैलेजो ने कहा कि रेफरी घरेलू दर्शकों के समर्थन से बने माहौल को संभालने के लिए बहुत कमजोर थीं. इसलिए उन्होंने सुझाव दिया कि इतने अहम मैच का संचालन किसी पुरुष रेफरी को करना चाहिए था.

आयोजकों ने कमेंट्स की कड़ी निंदा की
फ्रेंच ओपन के आयोजकों ने इन कमेंट्स की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि ये अस्वीकार्य हैं और वे सभी लिंग-भेद वाले कमेंट्स की कड़ी निंदा करते हैं. टूर्नामेंट डायरेक्टर एमेली मौरेस्मो ने पुष्टि की कि वैलेजो पर ग्रैंड स्लैम के इतिहास में सबसे बड़े जुर्माने में से एक लगाया गया है. जो उनकी प्राइज मनी का लगभग आधा है.

बता दें कि जो खिलाड़ी टूर्नामेंट में पुरुषों के सिंगल्स ड्रॉ के दूसरे राउंड तक पहुंचते हैं, उन्हें प्राइज मनी के तौर पर 151,000 अमेरिकी डॉलर मिलते हैं. इसका मतलब है कि यह जुर्माना इस साल के टूर्नामेंट से वैलेजो की कमाई का लगभग आधा है.

वैलेजो ने मांगी माफी
अनुशासनात्मक कार्रवाई की घोषणा के बाद, वैलेजो ने सोशल मीडिया पर सार्वजनिक रूप से माफी मांगी. वैलेजो ने इंस्टाग्राम पर लिखा, ‘मैं अंपायरों और उनके काम का सम्मान करता हूं, पांच घंटे के मुकाबले के बाद, मैं बहुत ज्यादा जोश में था और कई तरह की भावनाएं महसूस कर रहा था, मैं माफी मांगता हूं.’

बता दें कि ग्रैंड स्लैम के नियमों के अनुसार, खिलाड़ियों पर खेल भावना के विपरीत व्यवहार के लिए एक लाग अमेरिकी डॉलर तक का जुर्माना लगाया जा सकता है. वैलेजो पर लगा जुर्माना अधिकतम सीमा से कम था, लेकिन यह किसी बड़े टूर्नामेंट में दी जाने वाली सबसे कड़ी सजाओं में से एक है.

टूर्नामेंट में वैलेजो को 6-3, 7-5, 3-6, 2-6, 6-7 से हार का सामना करना पड़ा था.

Table of contents [hide]

Read more

Local News