Tuesday, June 2, 2026

पाकुड़ में कई महिलाओं का मंईयां सम्मान योजना के लिए सत्यापन नहीं हो सका है, जिससे लोगों में काफी नाराजगी है.

Share

पाकुड़: मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना का लाभ लेने के लिए पाकुड़ की दर्जनों महिलाएं इन दिनों कार्यालय का चक्कर लगा रही हैं. लाभुक महिलाओं में प्रशासन के खिलाफ काफी आक्रोश देखा जा रहा है.

महिलाओं ने बताया कि मंईयां सम्मान की राशि पिछले दो महीने से उनके खाते में नहीं आई है. अधिकारियों ने कागजात सत्यापन के लिए अंचल कार्यालय जाने की बात कही थी. जहां कुछ महिलाओं के कागजात सत्यापन किए गए, लेकिन अधिकांश महिलाओं को यह कहकर लौटा दिया गया कि जनगणना कार्य के कारण सभी अधिकारी और कर्मी व्यस्त हैं.

महिलाओं का कहना है कि उनसे कहा गया कि अगर उनके डॉक्यूमेंट्स वेरिफाई नहीं हुए तो उन्हें योजना का लाभ नहीं मिलेगा, जिसके चलते उन्हें सामाजिक सुरक्षा कार्यालय जाना पड़ा. लेकिन, उन्हें यहां भी सही जानकारी नहीं दी जा रही है. मामले में सामाजिक सुरक्षा कोषांग के निदेशक कांति रश्मि ने कैमरे पर यह कहकर बोलने से मना कर दिया कि हम बयान देने के लिए अधिकृत नहीं हैं. इसका जवाब जिले के उपायुक्त देंगे.

हालांकि कैमरे के पीछे यह जरूर बताया गया कि राज्य सरकार ने जिले के मंईयां सम्मान योजना के करीब 1 लाख 55 हजार लाभार्थियों के लिए दो महीने की राशि जिला प्रशासन को उपलब्ध करा दी है. सत्यापन का काम 8 से 10 दिनों में पूरा कर लिया जाएगा, जिसके बाद राशि ट्रांसफर कर दी जाएगी.

उन्होंने बताया कि शहरी क्षेत्र की लाभुकों के कागजातों का सत्यापन अंचल कार्यालय के कर्मी कर रहे हैं. महिलाओं को आखिर क्यों परेशानी हो रही है, इस पर जानकारी ली जाएगी और समस्या का जल्द निदान जल्द किया जाएगा.

Read more

Local News