Sunday, May 31, 2026

मसूरी पहुंचे ‘कैप्टन कूल’, बेटी के समर प्रोग्राम के लिए आए महेंद्र सिंह धोनी, माही की एक झलक पाने को उमड़े प्रशंसक

Share

मसूरी: पहाड़ों की रानी मसूरी एक बार फिर क्रिकेट प्रेमियों के उत्साह का केंद्र बन गई. भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी शनिवार को अपनी पत्नी साक्षी और बेटी जीवा के साथ मसूरी पहुंचे. धोनी के मसूरी पहुंचने की खबर फैलते ही पर्यटकों और स्थानीय लोगों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला. हर कोई अपने चहेते क्रिकेट स्टार की एक झलक पाने को उत्सुक नजर आया.

जानकारी के मुताबिक, महेंद्र सिंह धोनी ‘माही’ अपनी बेटी जीवा के एक प्रतिष्ठित स्कूल में आयोजित समर प्रोग्राम में प्रवेश संबंधी औपचारिकताओं के लिए मसूरी आए हैं. मसूरी छावनी परिषद क्षेत्र स्थित ऐतिहासिक होटल में परिवार के साथ उनके ठहरने की सूचना मिलते ही होटल के बाहर लोगों की भीड़ जुटने लगी.

करीब तीन करोड़ की लग्जरी कार से पहुंचे धोनी: बताया जा रहा है कि एमएस धोनी कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच अपनी लग्जरी कार से मसूरी पहुंचे. उनकी मौजूदगी की सूचना मिलते ही लालटिब्बा और आसपास के क्षेत्रों में चर्चा का माहौल बन गया. हालांकि, हमेशा की तरह धोनी बेहद शांत, सहज और सादगीपूर्ण अंदाज में नजर आए.

Mahendra Singh Dhoni Mussoorie Visit

होटल स्टाफ और पर्यटकों के साथ खिंचवाई तस्वीरें: धोनी ने अपने प्रशंसकों को निराश नहीं किया. होटल में ठहरे कुछ पर्यटकों और होटल स्टाफ के साथ उन्होंने मुस्कुराते हुए तस्वीरें भी खिंचवाईं. होटल में मौजूद लोगों का कहना था कि धोनी का व्यवहार बेहद विनम्र और आत्मीय रहा. यही कारण है कि क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद भी उनकी लोकप्रियता में कोई कमी नहीं आई है.

Mahendra Singh Dhoni Mussoorie Visit

मसूरी के मौसम के मुरीद हुए ‘कैप्टन कूल’: रविवार यानी 31 मई की सुबह मसूरी में हल्की बारिश और ठंडी हवाओं ने मौसम को और ज्यादा खुशनुमा बना दिया. घने बादलों और ठंडी फुहारों के बीच धोनी ने भी मसूरी के मनमोहक मौसम का भरपूर आनंद लिया. स्थानीय लोगों का कहना है कि धोनी को हमेशा से पहाड़ों और शांत वातावरण से विशेष लगाव रहा है और यही वजह है कि वे समय-समय पर मसूरी का रुख करते रहते हैं.

Mahendra Singh Dhoni Mussoorie Visit

शहरभर में चर्चा का विषय बना धोनी का दौरा: धोनी के मसूरी आगमन की खबर आग की तरह फैल गई. कई पर्यटकों ने उनके साथ ली गई तस्वीरें साझा कीं. होटल और लाल टिब्बा क्षेत्र में दिनभर लोगों के बीच केवल एक ही चर्चा रही कि महेंद्र सिंह धोनी मसूरी में हैं.

मसूरी से पुराना नाता: क्रिकेट जगत के सबसे सफल कप्तानों में शुमार महेंद्र सिंह धोनी का उत्तराखंड और विशेष रूप से मसूरी से पुराना जुड़ाव रहा है. शांत वातावरण, प्राकृतिक सुंदरता और पहाड़ों की ताजगी उन्हें हमेशा आकर्षित करती रही है. यही कारण है कि व्यस्त कार्यक्रमों के बीच भी वो समय निकालकर मसूरी आते रहते हैं.

Mahendra Singh Dhoni Mussoorie Visit

अल्मोड़ा में धोनी का पैतृक गांव: गौर हो कि महेंद्र सिंह धोनी की साक्षी सिंह के साथ देहरादून में शादी हुई थी. अकसर कई मौकों पर एमएस धोनी उत्तराखंड आते रहते हैं. उनका मूल रूप से परिवार उत्तराखंड के अल्मोड़ा से ताल्लुक रखता है. उनका पैतृक गांव अल्मोड़ा का ल्वाली है.

पर्यटन सीजन के बीच महेंद्र सिंह धोनी का मसूरी दौरा शहर के लिए किसी बड़े आकर्षण से कम नहीं है. जहां एक ओर पर्यटक मसूरी की वादियों का आनंद ले रहे हैं, वहीं दूसरी ओर क्रिकेट के सबसे लोकप्रिय चेहरों में शामिल धोनी की मौजूदगी ने पर्यटन नगरी के माहौल को और भी खास बना दिया है. उनके सादगीपूर्ण व्यवहार और पहाड़ों के प्रति प्रेम ने एक बार फिर प्रशंसकों का दिल जीत लिया.

Read more

Local News