आईपीएल 2026 में अपने बल्ले से धूम मचाने वाले वैभव सूर्यवंशी काफी ज्यादा चर्चे में हैं. उन्होंने ने IPL 2026 में राजस्थान रॉयल्स के लिए 237.31 के स्ट्राइक रेट से 776 रन बनाकर सीजन के सबसे ज्यादा स्कोर करने वालों की लिस्ट में पहले स्थान पर हैं. इस दौरान उन्होंने 72 छक्के जड़े, और IPL के एक सीजन में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का क्रिस गेल (59) का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया.
15 साल के इस खिलाड़ी की अब हर कोई तारीफ कर रहा है. इसी क्रम में क्रिकेट के भगवान सचिन तेंदुलकर ने भी सूर्यवंशी की जमकर तारीफ की और उसे खास टैलेंट बताया. इसके अलावा इस युवा बैटिंग जीनियस की सही लाइन और लेंथ पहचानने और गेंद को अपनी पसंद की जगह पर मारने की काबिलियत की भी सराहना की.
सचिन ने सूर्यवंशी की तारीफ की
मुंबई में एक कार्यक्रम में बोलते हुए, तेंदुलकर ने कहा कि सूर्यवंशी को इतनी बेहतरीन काबिलियत के साथ बैटिंग करते देखना सचमुच मनमोहक है. तेंदुलकर ने कहा, ‘हर कोई सूर्यवंशी के बारे में बात कर रहा है, और मैंने उसे बैटिंग करते देखा, यह शानदार था. मेरा मतलब है, वह सचमुच कुछ खास है. और सिर्फ गेंद को हिट करने की काबिलियत ही नहीं, बल्कि जिस चीज ने मुझे सबसे ज्यादा प्रभावित किया, वह थी उसकी कलाई का इस्तेमाल है’
उन्होंने आगे कहा, ‘मैदान के हर कोने में खेलने के लिए, आपको कलाई के अच्छे इस्तेमाल की जरूरत होती है. और वह गेंद को सिर्फ जोर से नहीं मार रहा है. वह बस बाकी खिलाड़ियों के मुकाबले लाइन और लेंथ को पहले ही पहचान लेता है, और वह आसानी से गेंद को बाउंड्री के पार पहुंचा देता है.’
वैभव टेस्ट क्रिकेट खेलेगा
तेंदुलकर को यह भी उम्मीद है कि सूर्यवंशी आखिरकार भारत के लिए टेस्ट क्रिकेट खेलेगा. उन्होंने कहा, ‘सिर्फ मैं ही नहीं, बल्कि हर कोई किसी न किसी मोड़ पर उसे (टेस्ट क्रिकेट खेलते हुए) देखना चाहेगा. मुझे नहीं पता कि ऐसा कब होगा. लेकिन एक होनहार खिलाड़ी को प्रोत्साहन की जरूरत होती है. और अगर वह अच्छा प्रदर्शन कर रहा है, तो हमें उसे प्रोत्साहित करना चाहिए, उसका समर्थन करना चाहिए, और सबसे बढ़कर उसके खेल का आनंद लेना चाहिए. न कि उस पर लगातार दबाव डालना चाहिए कि उसे यह खेलना चाहिए या वह नहीं करना चाहिए, या उसे किसी खास टीम में चुना जाना चाहिए. यह सब उन लोगों (चयनकर्ताओं) पर छोड़ देना चाहिए, जिनकी यह जिम्मेदारी है.’
सचिन ने वैभव की दी सलाह
तेंदुलकर ने इस युवा खिलाड़ी को भविष्य के लिए एक सलाह भी दी. सचिन ने कहा, ‘मैं उससे कहूंगा कि वह बस जैसा है, वैसा ही रहे. हर चीज की शुरुआत कभी न कभी होती है. टेस्ट क्रिकेट में, उम्र के साथ-साथ वह यह भी सीख जाएगा कि अलग-अलग चुनौतियों का सामना कैसे करना है. समस्याएं तो हमेशा रहेगा. समस्याएं तुम्हारे करियर के आखिरी दिन तक, और जिस आखिरी गेंद का तुम सामना करोगे, उस तक रहेगी. गेंदबाज हर गेंद पर एक सवाल पूछता है. अब, तुम उसका क्या हल निकालते हो? वह एक ऐसा खिलाड़ी है जो बहुत आत्मविश्वास से भरा दिखता है. उसे बहुत अच्छी तरह पता होता है कि उसे क्या करना है, और मैं उसकी स्वाभाविक खेल-शैली में कोई बदलाव नहीं करना चाहूंगा,’
सचिन ने पहले भी की थी तारीफ
यह पहली बार नहीं है जब सचिन ने वैभव के बारे में बात की है. इससे पहले, सचिन ने एलिमिनेटर मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 97 रनों की शानदार पारी खेलने के लिए सूर्यवंशी की जमकर तारीफ की थी. उन्होंने सूर्यवंशी के जबरदस्त बैट स्विंग और जिस तरह वह पैरों की तरफ आने वाली गेंदों के लिए अपना अगला पैर हटाकर जगह बनाते हैं, जिससे उन्हें छक्के लगाने की आजादी मिलती है, उसकी खास तौर पर सराहना की थी.
एक्स पर पोस्ट करते हुए सचिन ने लिखा, ‘वैभव सूर्यवंशी का बैट स्विंग वाकई जबरदस्त रहा है. इससे भी ज्यादा काबिले-तारीफ बात यह है कि वह कितनी खूबसूरती से अपना अगला पैर हटाकर, पैरों की तरफ आने वाली गेंदों के लिए जगह बनाते हैं. इसी आजादी की वजह से वह उस अंदाज में खेल पाते हैं, जैसा वह खेलते हैं. वह पारी किसी चमत्कार से कम नहीं थी!’


