Tuesday, May 26, 2026

बिहार की राजधानी पटना, मुजफ्फरपुर समेत कई जिले प्रचंड गर्मी की चपेट में है.

Share

बिहार की राजधानी पटना, मुजफ्फरपुर समेत कई जिले प्रचंड गर्मी की चपेट में है. इसी बीच पटना मौसम विज्ञान केंद्र ने कई जिलों में बारिश, तेज हवा और वज्रपात को लेकर येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. पटना समेत उत्तर और पूर्व बिहार के कई इलाकों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है.

समूचा बिहार इन दिनों गर्मी से बेहाल है. सब बारिश का इंतजार कर रहे हैं. इसी बीच मौसम विज्ञान केंद्र पटना ने अगले तीन दिनों के लिए बिहार के अलग-अलग जिलों में बारिश, तेज हवा, वज्रपात और उमस भरी गर्मी को लेकर अलर्ट जारी किया है. कई जिलों में येलो और ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है. लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.

27 मई को कई जिलों में ऑरेंज और येलो अलर्ट

मौसम विज्ञान केंद्र पटना के मुताबिक 27 मई को पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, मुजफ्फरपुर, शिवहर, सीतामढ़ी, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, दरभंगा, समस्तीपुर, वैशाली, पटना, नालंदा, बेगूसराय, खगड़िया, लखीसराय, जमुई और गया समेत कई जिलों में बारिश और तेज हवा चलने की संभावना है.

पटना, नालंदा, गया, जहानाबाद और अरवल में येलो अलर्ट जारी किया गया है. पश्चिम बिहार के कैमूर, रोहतास, भोजपुर और औरंगाबाद जिलों में मौसम सामान्य रहने की संभावना जताई गई है.

28 मई को बढ़ेगी बारिश की गतिविधि

मौसम विज्ञान केंद्र पटना ने बताया कि 28 मई को बिहार के अधिकतर जिलों में मेघ गर्जन, बारिश और तेज हवा चल सकती है. पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, शिवहर, सुपौल, अररिया, किशनगंज, कटिहार, पूर्णिया, मधेपुरा, सहरसा, खगड़िया, मुंगेर, भागलपुर, बांका, जमुई, बेगूसराय, समस्तीपुर, दरभंगा और वैशाली में मौसम ज्यादा खराब रह सकता है.

इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है. लोगों को खुले मैदान, पेड़ और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी गई है.

29 मई को भारी बारिश और तेज हवा का अलर्ट

29 मई को राज्य के लगभग सभी जिलों में मौसम खराब रहने का अनुमान है. पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, मुजफ्फरपुर, शिवहर, सीतामढ़ी, मधुबनी, दरभंगा, समस्तीपुर, वैशाली, पटना, बेगूसराय, खगड़िया, मुंगेर, भागलपुर, बांका, पूर्णिया, कटिहार, किशनगंज, अररिया, सुपौल, सहरसा और मधेपुरा में तेज बारिश, वज्रपात और धूल भरी हवा चल सकती है.

मौसम विभाग ने कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए लोगों से सतर्क रहने को कहा है. कुछ इलाकों में भारी बारिश भी हो सकती है.

किसानों और आम लोगों को सतर्क रहने की सलाह

मौसम विभाग ने किसानों से खेतों में काम करते समय सावधानी बरतने को कहा है. खराब मौसम के दौरान पेड़ों के नीचे खड़े नहीं होने और बिजली चमकने के समय सुरक्षित जगह पर रहने की सलाह दी गई है. प्रशासन ने भी लोगों से मौसम अपडेट पर नजर रखने और जरूरत पड़ने पर ही घर से बाहर निकलने की अपील की है.

Table of contents [hide]

Read more

Local News