Sunday, May 24, 2026

भोपाल में फिल्म पेड्डी का प्रमोशन करने पहुंची टीम, राम चरण की एंट्री ने बढ़ाई फैंस की धड़कनें, 2 गाने लॉन्च.

Share

भोपाल: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल का भेल दशहरा मैदान शनिवार रात साउथ सिनेमा के सबसे बड़े प्रमोशनल इवेंट्स में से एक का गवाह बना. फिल्म पेड्डी के प्रमोशन के लिए पहुंचे सुपरस्टार राम चरण, आस्कर विजेता एआर रहमान, जाह्नवी कपूर और रवि किशन को देखने करीब 20 हजार फैंस उमड़ पड़े. राम चरण के आत्मीय संबोधन और रहमान की जादुई धुनों ने जहां दर्शकों को रोमांचित कर दिया, हालांकि घंटों इंतजार के बाद महज 10 मिनट के म्यूजिक शो और भारी कुप्रबंधन ने कई फैंस को निराश भी किया.

राम चरण ने भोपाल का दिल जीत लिया
जैसे ही सुपरस्टार राम चरण मंच पर पहुंचे, पूरा भेल दशहरा मैदान तालियों और सीटियों से गूंज उठा. युवाओं में उन्हें देखने की जबरदस्त दीवानगी नजर आई. राम चरण ने हाथ जोड़कर भोपाल और मध्य प्रदेश की जनता का अभिवादन किया. उन्होंने कहा कि, ”मेरी हिंदी थोड़ी कमजोर है, लेकिन मेरे दिल में आपके लिए बहुत ज्यादा प्यार है. मेरी भाषा नहीं, मेरी भावनाओं को समझिए.”

Bhopal peddi film promotion

राम चरण ने भोपाल की साफ-सफाई और यहां के लोगों की जमकर तारीफ की. उन्होंने कहा कि, ”शहर जितना खूबसूरत है, यहां के लोगों का दिल उससे भी ज्यादा बड़ा है.” इस कार्यक्रम के अंत में उन्होंने फैंस से वादा किया कि, फिल्म की सफलता के बाद वह दोबारा भोपाल आएंगे और सक्सेस टूर भी यहीं सेलिब्रेट करेंगे. उनके इस बयान पर मैदान में मौजूद हजारों फैंस ने जोरदार हूटिंग और तालियों से स्वागत किया.

एआर रहमान की धुनों पर झूम उठा दशहरा मैदान
इवेंट का सबसे बड़ा आकर्षण आस्कर विजेता संगीतकार एआर रहमान का लाइव परफर्मेंस रहा. ब्लैक आउट माहौल और हाईटेक लाइटिंग के बीच जैसे ही रहमान ने कीबोर्ड संभाला, पूरा मैदान झूम उठा. उनकी टीम में भोपाल की सिंगर नैंसी शर्मा भी शामिल थीं, जिन्होंने शानदार प्रस्तुति देकर स्थानीय दर्शकों का दिल जीत लिया. इस कार्यक्रम के दौरान फिल्म पेड्डी के नए गाने ‘हाहा हेल्लो और चिक्की-चिक्की’ लांच किए गए. साथ ही मोहित चौहान की एनर्जेटिक आवाज और दमदार बीट्स पर दर्शक थिरकते नजर आए. वहीं नाटू-नाटू और रई रई रारा की धुन बजते ही पूरा मैदान डांस फ्लोर में बदल गया. एआर रहमान ने मंच से कहा कि, ”अब दक्षिण और हिंदी सिनेमा के बीच की दूरी खत्म हो रही है और भारतीय फिल्म इंडस्ट्री एक नई दिशा में आगे बढ़ रही है.”

south superstar ram charan

जाह्नवी कपूर की ग्लैमरस एंट्री, रवि किशन का भोजपुरी अंदाज
पर्पल आउटफिट और स्मोक इफेक्ट्स के बीच जाह्नवी कपूर की एंट्री ने दर्शकों का ध्यान खींच लिया. उन्होंने भोपाल के लोगों का धन्यवाद करते हुए कहा कि, ”उन्हें यहां आकर बेहद अच्छा लगा और दर्शकों से मिला प्यार हमेशा याद रहेगा.” वहीं अभिनेता और सांसद रवि किशन ने अपने चिर-परिचित भोजपुरी अंदाज से माहौल हल्का कर दिया. जैसे ही उन्होंने कहा कि, ”जिंदगी झंड बा… फिर भी घमंड बा”, पूरा मैदान ठहाकों से गूंज उठा. रवि किशन ने युवाओं को संघर्ष और मेहनत का संदेश देते हुए फिल्म से जुड़े अनुभव साझा किए. फिल्म में विलेन का किरदार निभा रहे दिव्येंदु शर्मा ने भी अपने तेलुगु डेब्यू को करियर का खास मोड़ बताया.

peddi new songs Launched bhopal

120 फीट का भव्य स्टेज बना आकर्षण
इस मेगा इवेंट को इंटरनेशनल लेवल का लुक देने के लिए 120 फीट चौड़ा विशाल स्टेज तैयार किया गया था. पीछे लगी 30 फीट ऊंची एलईडी स्क्रीन पर फिल्म के विजुअल्स और लाइव क्लोजअप्स दिखाए जा रहे थे. कार्यक्रम में प्रीमियम एडमसन साउंड सिस्टम का इस्तेमाल किया गया, जिसकी दमदार आवाज दूर तक सुनाई दे रही थी.

घंटों इंतजार के बाद फैंस में नाराजगी
इतने भव्य आयोजन के बावजूद इवेंट में भारी कुप्रबंधन देखने को मिला. दरअसल दर्शकों को शाम 5 बजे से मैदान में एंट्री दे दी गई थी, लेकिन कार्यक्रम रात 8 बजे के बाद शुरू हो पाया. भीषण गर्मी और लंबा इंतजार लोगों पर भारी पड़ा. सबसे ज्यादा नाराजगी एआर रहमान के छोटे परफार्मेंस को लेकर देखने मिली. दर्शकों को उम्मीद थी कि रहमान लंबा लाइव कॉन्सर्ट करेंगे, लेकिन उन्होंने सिर्फ दो गाने गाए और करीब 10 मिनट में मंच छोड़ दिया.

Bhopal fans gathering peddi film

इसके बाद कई फैंस ने सोशल मीडिया पर नाराजगी जताई और कहा कि, यह म्यूजिक कॉन्सर्ट कम, फिल्म प्रमोशन ज्यादा लगा. वहीं एंट्री के दौरान अफरा-तफरी, भीड़ नियंत्रण की कमी और मंच से लंबी भाषणबाजी ने भी दर्शकों का अनुभव खराब किया. कई लोग कार्यक्रम खत्म होने से पहले ही मैदान छोड़कर लौट गए.

Read more

Local News