Friday, May 22, 2026

झारखंड में एसआईआर को लेकर रांची में चुनाव आयोग ने राजनीतिक दलों के साथ बैठक की है.

Share

रांची: राज्य में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर राजनीतिक दलों ने चुनाव आयोग को पूर्ण सहयोग देने का भरोसा दिया है. शुक्रवार को मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय में हुई बैठक में सभी मान्यता प्राप्त दलों ने एकमत से कहा कि किसी भी योग्य मतदाता का नाम सूची से नहीं कटना चाहिए और न ही किसी अयोग्य व्यक्ति को जोड़ा जाना चाहिए.

विशेष गहन पुनरीक्षण पर सर्वदलीय सहमति

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के रवि कुमार ने बैठक में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को आश्वस्त किया कि भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन किया जाएगा. उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी योग्य नागरिक का नाम मतदाता सूची से हटाया नहीं जाएगा.

राजनीतिक दलों ने भी इस प्रक्रिया में पूर्ण सहयोग देने का वादा किया. गौरतलब है कि राज्य में 30 जून से विशेष गहन पुनरीक्षण शुरू होने वाला है, जिसके लिए 15 जून से बीएलए (BLO) की ट्रेनिंग शुरू हो जाएगी.

दलों ने रखी अपनी बातें

बैठक में कांग्रेस, भाजपा, आप समेत अन्य दलों के प्रतिनिधि मौजूद थे. दलों का मानना था कि राज्य के हर 18 वर्ष से अधिक उम्र के भारतीय नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल रहे. किसी भी तरह के पूर्वाग्रह के आधार पर नाम काटने की प्रक्रिया का विरोध किया गया.

निगरानी रखेंगे, एक भी योग्य मतदाता नहीं छूटना चाहिए- भाजपा

भाजपा नेता राकेश प्रसाद ने बैठक के बाद मीडिया से बात करते हुए कहा, “इस बैठक का मुख्य उद्देश्य यही था कि एक भी योग्य मतदाता का नाम सूची से छूटे नहीं और किसी अयोग्य व्यक्ति का नाम शामिल न हो.” उन्होंने बताया कि भाजपा ने सभी बूथों पर बीएलए नियुक्त किए हैं और पूरी प्रक्रिया पर निगरानी रखेगी.

योग्य मतदाताओं के नाम न कटें, बंगाल मॉडल लागू हो- कांग्रेस

कांग्रेस नेता किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि कुछ दलों को पहले से ही नाम कटने की संख्या का पता कैसे चल जाता है, इस पर भी नजर रखने की जरूरत है. उन्होंने आयोग के कामकाज में किसी भी प्रकार की दखलंदाजी न होने देने की बात कही.

कांग्रेस के दूसरे नेता सूर्यकांत शुक्ला ने मांग की कि बंगाल की तरह झारखंड में भी मतदाताओं के नाम पेंडिंग नहीं रखे जाएं. उन्होंने संविधान के अनुच्छेद 326 का हवाला देते हुए कहा कि 18 वर्ष पूरे कर चुके हर योग्य नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज होना चाहिए.

बैठक में संतोष का माहौल

बैठक के दौरान सभी दलों ने मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी द्वारा दी गई जानकारी से संतुष्टि जताई और विशेष गहन पुनरीक्षण में सक्रिय सहयोग देने का आश्वासन दिया.

Read more

Local News