पटना। श्रावणी मेले के दौरान कांवरियों को निर्बाध और सुरक्षित बिजली आपूर्ति देने के लिए बिहार बिजली विभाग ने बड़ी तैयारी शुरू कर दी है।
गुरुवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता ऊर्जा सचिव सह बिहार स्टेट पावर होल्डिंग कंपनी लिमिटेड के अध्यक्ष अजय यादव ने की।
बैठक में साउथ और नार्थ बिहार डिस्कॉम के अधिकारियों समेत भागलपुर, बांका, मुंगेर और सुल्तानगंज के विद्युत अधिकारियों ने हिस्सा लिया। मेले के दौरान बिजली व्यवस्था को पूरी तरह मजबूत बनाने पर जोर दिया गया।
कांवरिया पथ पर लगेंगे 4 अतिरिक्त 11 केवी फीडर
बैठक में फैसला लिया गया कि बांका जिले के कांवरिया पथ पर चार अतिरिक्त 11 केवी डेडिकेटेड फीडर वितरण लाइन लगाए जाएंगे।
यह लाइन कवर्ड कंडक्टर तकनीक से तैयार की जाएगी ताकि सुरक्षा को और मजबूत किया जा सके।
इसके तहत कुल 1,738 पोल लगाए जाएंगे। अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि 33 केवी, 11 केवी और एलटी लाइन के साथ ट्रांसफॉर्मर से जुड़े सभी रखरखाव कार्य 30 जून तक हर हाल में पूरे कर लिए जाएं।
ओवरहेड लाइन को कवर्ड वायर में बदलने का फैसला
कांवरिया पथ पर सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए 11 केवी की ओवरहेड बिजली लाइन को कवर्ड वायर में बदलने का भी निर्णय लिया गया है।
इससे बारिश और भीड़भाड़ के दौरान हादसों की संभावना कम होगी।
ऊर्जा सचिव अजय यादव ने कहा कि मेले के दौरान बिजली आपूर्ति में किसी तरह की बाधा नहीं आनी चाहिए।
इसके लिए सभी जरूरी तैयारियां समय से पहले पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।
तीन जिलों में बनेंगे मुख्य कंट्रोल रूम
बैठक में यह भी तय किया गया कि भागलपुर, बांका और मुंगेर में तीन मुख्य कंट्रोल रूम स्थापित किए जाएंगे।
ये कंट्रोल रूम आपात स्थिति में तुरंत समन्वय स्थापित कर समस्या का समाधान करेंगे।
इसके अलावा सुल्तानगंज, बांका, भागलपुर और मुंगेर को मिलाकर कुल 16 जोन बनाए जाएंगे ताकि बिजली व्यवस्था की निगरानी आसान हो सके।
क्विक रिस्पांस टीम और अतिरिक्त मानवबल की तैनाती
श्रावणी मेले के दौरान बिजली व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए मोबाइल यूनिट, क्विक रिस्पांस टीम और ट्रॉली माउंटेड ट्रांसफॉर्मर की व्यवस्था भी की जाएगी।
ऊर्जा सचिव ने अधिकारियों को अतिरिक्त मानवबल तैनात करने के निर्देश दिए हैं।
साथ ही जरूरी विद्युत सामग्री और उपकरण पहले से तैयार रखने को कहा गया है, ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।


