दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति एलन मस्क के नाम जल्द ही एक और ऐतिहासिक रिकॉर्ड दर्ज होने जा रहा है. मस्क की अंतरिक्ष और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) कंपनी स्पेसएक्स (SpaceX) शेयर बाजार में कदम रखने की तैयारी कर रही है. विशेषज्ञों के अनुसार, इस महा-आईपीओ (IPO) के बाजार में आते ही एलन मस्क दुनिया के पहले ‘ट्रिलियनेयर’ (100 लाख करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति के मालिक) बन जाएंगे.
जून में लिस्टिंग, नैस्डैक पर मचेगा तहलका
अमेरिकी प्रतिभूति और विनिमय आयोग (SEC) के पास जमा किए गए दस्तावेजों के अनुसार, स्पेसएक्स अगले महीने यानी जून 2026 में अमेरिकी शेयर बाजार ‘नैस्डैक’ पर लिस्ट होगी. बाजार में इसका ट्रेडिंग सिंबल SPCX होगा. यह इतिहास का सबसे बड़ा आईपीओ होने जा रहा है, जो सऊदी अरामको के 2020 के $29.4 बिलियन के रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ देगा.
कंपनी पर मस्क का पूरा नियंत्रण
स्पेसएक्स की स्थापना साल 2002 में हुई थी. कंपनी में मस्क की सबसे बड़ी हिस्सेदारी है. दिलचस्प बात यह है कि मस्क के पास कंपनी के ‘क्लास बी’ (Class B) शेयर्स हैं, जिन्हें सुपरवोटिंग अधिकार प्राप्त हैं. इसके तहत एक शेयर पर 10 वोट मिलते हैं, जबकि आम निवेशकों (Class A) को एक शेयर पर केवल 1 वोट मिलता है. इसी वजह से मस्क के पास स्पेसएक्स के 85% वोटिंग राइट्स हैं, जिससे कंपनी पर उनका पूरा नियंत्रण बना रहेगा.
मुनाफे के बीच भारी नुकसान और xAI का बोझ
भले ही यह आईपीओ बेहद आकर्षक दिख रहा हो, लेकिन एसईसी (SEC) फाइलिंग ने कंपनी की कमजोर वित्तीय स्थिति को भी उजागर किया है. स्पेसएक्स ने साल 2026 की पहली तिमाही (जनवरी-मार्च) में $4.3 बिलियन (करीब 36,000 करोड़ रुपये) का भारी नुकसान दर्ज किया है.
इस भारी घाटे की मुख्य वजह फरवरी 2026 में मस्क के एआई स्टार्टअप ‘xAI’ का स्पेसएक्स में विलय (Merger) होना है. एआई डेटा सेंटर्स बनाने और इस क्षेत्र की प्रतिस्पर्धा में टिके रहने के लिए कंपनी पानी की तरह पैसा बहा रही है. मस्क का मानना है कि इस विलय से एआई, रॉकेट्स, सैटेलाइट इंटरनेट (स्टारलिंक) और मीडिया एक ही छत के नीचे आ जाएंगे, जिससे एक “इनोवेशन इंजन” तैयार होगा.
Anthropic डील से बड़ी राहत
नुकसान के बीच कंपनी के लिए एक अच्छी खबर भी है. स्पेसएक्स ने प्रसिद्ध एआई स्टार्टअप एन्थ्रोपिक के साथ एक बड़ा समझौता किया है. इसके तहत एन्थ्रोपिक कंपनी स्पेसएक्स के डेटा सेंटर्स का उपयोग करने के लिए मई 2029 तक हर महीने $1.25 बिलियन का भुगतान करेगी.
यह आईपीओ वैश्विक बाजार में मस्क की साख की असली परीक्षा होगा, क्योंकि एक तरफ जहां स्पेसएक्स इतिहास रचने जा रही है, वहीं दूसरी तरफ मस्क अपनी कार कंपनी ‘टेस्ला’ में भी कई चुनौतियों से जूझ रहे हैं.


